नई दिल्ली: देश में किसानों की ओर से लगातार कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं| पिछले 7 दिनों से किसान दिल्ली-यूपी बॉर्डर, और दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं और केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की जा रही है| कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों से केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों की आज चौथी बार बातचीत होनी है|
लेकिन इस बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल (Former Punjab Chief Minister Parkash Singh Badal) ने किसानों के समर्थन में अपना पद्म विभूषण लौटा दिया है|
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने किसान आंदोलन के समर्थन और उनपर किए गए सांप्रदायिक कटाक्षों के विरोध में अपना प्रतिष्ठित पद्म विभूषण अवॉर्ड लौटा दिया है| उन्होंने इसके लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखा है| करीब तीन पन्नों की इस चिट्ठी में प्रकाश सिंह बादल ने केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का विरोध किया है|
इसके साथ ही सरकार की ओर से किसानों पर की गई कार्रवाई की भी निंदा की गई है| साथ ही चिट्ठी में ही उन्होंने अपना पद्म विभूषण सम्मान वापस लौटाने की बात कही है|
बता दें कि अकाली दल की ओर से लगातार केंद्र सरकार के कृषि कानूनों का विरोध किया जा रहा है| इससे पहले कृषि कानूनों का विरोध करते हुए केंद्र सरकार में मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने अपने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था| बाद में अकाली दल ने किसानों का समर्थन करते हुए एनडीए से अलग होने का ऐलान किया था|वहीं अब प्रकाश सिंह बादल ने अपना पद्म विभूषण सम्मान सरकार को वापस लौटा दिया है|