नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में स्थित इजरायल दूतावास के पास बीते दिनों जो धमाका हुआ, उसकी जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) करेगी| गृह मंत्रालय ने मंगलवार को दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास हुए धमाके की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंपी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अबतक इस मामले की जांच कर रही थी| लेकिन अब दिल्ली पुलिस की ओर से पूरी केस डायरी, एफआईआर और तमाम सबूतों को एनआईए को ही सौंप दिया जाएगा|
बता दें कि 29 जनवरी को दिल्ली के लुटियंस इलाके में औरंगजेब रोड पर स्थित इजराइली दूतावास के बाहर मामूली आईईडी विस्फोट हुआ था| हालांकि धमाके में कोई हताहत नहीं हुआ| इस अति-सुरक्षित इलाके में हुए धमाके में कुछ कारें क्षतिग्रस्त हुई थी और पुलिस ने कहा था कि प्रारंभिक जांच में प्रतीत हुआ है कि किसी ने सनसनी पैदा करने के लिये यह शरारत की|
यह विस्फोट उस समय हुआ था, जब वहां से कुछ किलोमीटर दूर गणतंत्र दिवस समारोहों के समापन के तौर पर होने वाला ‘बीटिंग रीट्रिट’ कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मौजूद थे| यह विस्फोट जिस दिन हुआ, उस दिन भारत और इजराइल के कूटनीतिक संबंधों की स्थापना की 29वीं वर्षगांठ थी|
आपको बता दें कि,''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से आज 1 फरवरी 2021 को फोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री मोदी ने 29 जनवरी 2021 को नई दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास आतंकवादी हमले की अपनी कड़ी निंदा की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेतन्याहू को आश्वासन दिया कि नई दिल्ली में इजरायली दूतावास के पास हमले की पूरी जांच की जाएगी|
उन्होंने प्रधानमंत्री नेतन्याहू को आश्वासन दिया कि भारत के लिए इजरायल के राजनयिकों और परिसरों की सुरक्षा सबसे अधिक महत्व रखती है और अपराधियों को खोजने और दंडित करने के लिए सभी संसाधनों को तैनात किया जाएगा। दोनों नेताओं ने इस संदर्भ में भारतीय और इजराइल सुरक्षा एजेंसियों के बीच घनिष्ठ समन्वय के बारे में संतोष व्यक्त किया।