नई दिल्ली: कांग्रेस में खड़गे युग की शुरूआत हो चुकी है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पद संभाल लिया है। इस दौरान पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी सांसद राहुल गांधी, राजस्थान CM अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई दी| कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनको बधाई दी और कहा, अब मैं राहत महसूस कर रही हूं। श्रीमती गांधी ने कहा,'आज मैं इस दायित्व से मुक्त हो जाऊंगी, इसलिए मुझे स्वाभाविक रूप से राहत का अहसास हो रहा है|
इससे पहले, एआईसीसी मुख्यालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा,''मुझे पूरा विश्वास है कि खरगे जी से पूरी पार्टी को प्रेरणा मिलेगी, एक संदेश मिलेगा और इनके नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत होगी| श्रीमती गांधी ने कहा,''मैं बहुत प्रसन्न हूं, सबसे अधिक संतोष इस बात का है कि आपने अपने-अपने विवेक से जिन्हें अध्यक्ष चुना है, वह एक अनुभवी नेता हैं, धरती से जुड़े हुए नेता हैं, एक साधारण कार्यकर्ता से अपनी मेहनत व समर्पण से इस ऊंचाई तक पहुंचे हैं|
सोनिया गांधी ने कहा,''आपने इतने वर्षों तक जो प्यार, सम्मान दिया है, यह मेरे लिए गौरव की बात है। मुझे इसका अहसास जीवन की आखिरी सांस तक रहेगा| यह सम्मान बहुत बड़ी जिम्मेदारी भी थी, मुझसे अपनी क्षमता व योग्यता अनुसार जितना हो सका, उतना किया। आज मैं इस दायित्व से मुक्त हो जाऊंगी, इसलिए मुझे स्वाभाविक रूप से राहत का अहसास हो रहा है|
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती गांधी ने कहा,''मैं आप सबको दिल से धन्यवाद देती हूं कि आप सबने मुझे इतना सहयोग व समर्थन दिया। अब यह जिम्मेदारी खरगे जी के पास है, परिवर्तन संसार का नियम है, परिवर्तन जीवन के हर क्षेत्र में होता रहा है और आगे भी होता रहेगा|
उन्होंने कहा,''आज हमारी पार्टी के सामने भी बहुत सारी चुनौतियां हैं। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि आज देश के सामने लोकतांत्रिक मूल्यों का संकट पैदा हुआ है, उसका मुकाबला हम सफलतापूर्वक कैसे करें| मुझे विश्वास है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता आपस में मिलजुलकर एक ऐसी शक्ति बनेंगे, जो हमारे देश के सामने हर संकट का सफलतापूर्वक सामना कर सके|
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा,'कांग्रेस के सामने पहले भी बड़े-बड़े संकट आए हैं, लेकिन पार्टी ने कभी हार नहीं मानी। हमें अब भी पूरे संकल्प के साथ, पूरी मजबूती के साथ, पूरी एकता के साथ आगे बढ़ना है|
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,''आज मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है, आज एक सामान्य कार्यकर्ता को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुनकर ये सम्मान देने के लिए आप सबका हार्दिक आभार और धन्यवाद देता हूं| खड़गे ने कहा,'जो यात्रा मैंने 1969 में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में शुरू की थी, उसे आपने आज इस मुकाम पर पहुंचाया है | जिस महान राजनीतिक दल का नेतृत्व महात्मा गांधी जी, नेहरू जी, सुभाषचंद्र बोस जी, पटेल जी, मौलाना आजाद जी, बाबू जगजीवन राम जी, इंदिरा जी, राजीव जी ने किया हो; उस जिम्मेदारी को संभालना मेरे लिए सौभाग्य और गौरव की बात है|
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,'आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस पार्टी का बेमिसाल योगदान है। बाबा साहेब डा. अंबेडकर जी ने इस देश के संविधान के निर्माण के लिए योगदान दिया है, इस देश के संविधान की रक्षा के लिए हमको लड़ना होगा| कांग्रेस के सभी पूर्व अध्यक्षों को याद करते हुए मैं आप सबको भरोसा दिलाता हूं कि अपनी मेहनत से, अपने अनुभव से जो कुछ संभव होगा, वह सब करूंगा|
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा,'आज करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से श्रीमती सोनिया गांधी जी के बहुमूल्य योगदान के प्रति हृदय से आदर व सम्मान व्यक्त करना चाहूंगा| खड़गे ने कहा,''सोनिया जी हमेशा सच्चाई की राह पर चलती रही हैं। सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति करने वालों के इस दौर में त्याग की जो मिसाल सोनिया जी ने दी है, उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं है| सोनिया जी के नेतृत्व में ही दो बार यूपीए की सरकार बनी, तब आम लोगों के हित में एक से एक शानदार काम हुए। इन कामों में मनरेगा, भोजन का अधिकार, RTE, फॉरेस्ट राइट प्रमुख रहे हैं|