नई दिल्ली: शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने बड़ा दावा किया है। राउत ने कहा कि,'' अगर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आगामी लोकसभा चुनाव लड़ती हैं, तो वह निश्चित रूप से जीत हासिल करेंगी।
उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत ने रविवार को कहा कि,''अगर प्रियंका गांधी वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ती हैं तो उनकी जीत तय है। वाराणसी के लोग प्रियंका गांधी को चाहते हैं। रायबरेली, वाराणसी और अमेठी की लड़ाई भाजपा के लिए मुश्किल है|
वहीँ, आज सोमवार को रॉबर्ट वाड्रा ने संकेत दिया है कि उनकी पत्नी प्रियंका गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। क्या प्रियंका गांधी वाड्रा को संसद पहुंचने के लिए लोकसभा चुनाव का विकल्प चुनना चाहिए, इस सवाल पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि,''मुझे लगता है कि प्रियंका को पहले संसद पहुंचना चाहिए और अगर वह लोकसभा में आएंगी तो लोगों को अच्छा लगेगा। चाहे वह अमेठी हो या सुल्तानपुर जहां भी पार्टी को उचित लगे। मैं चाहूंगा कि वह लोकसभा चुनाव लड़ें|
I.N.D.I.A गठबंधन पर रॉबर्ट वड्रा ने कहा कि,''मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत कुछ अनुभव किया है। लोगों को कठिन समय में बहुत कुछ सीखने को मिलता है। वह जानते हैं कि जमीन पर क्या आवश्यक है। जब मैं भारत जोड़ो यात्रा में राहुल के साथ चला, मैंने लोगों के बीच प्यार देखा। लोगों को उम्मीद है कि यह राहुल हैं (प्रमुख चेहरे के रूप में) लेकिन यह एक गठबंधन है। जो भी सर्वसम्मति से चुना जाएगा, वह नेता होगा। लेकिन आप देख सकते हैं कि संसद में कौन सबसे अधिक बोलता है, कौन मुद्दे अधिक उठाता है, कौन लोगों के मुद्दे सामने लाता है। उसके मुताबिक आपको पद मिलेगा|
मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ '50% कमीशन' पर सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि,'मुझे आश्चर्य नहीं है। ये धारणा बनाने का उनका एक तरीका है। कर्नाटक में भी ऐसा ही था, वहां '40% कमीशन' वाली सरकार थी। वैसा ही यहां (एमपी) भी है, जहां भी वे सरकार गिराते हैं और वहां पर अपनी राजनीति चलाते हैं तो वह सरकार लंबे समय तक नहीं चलेगी और लोग विद्रोह करेंगे...प्रियंका, राहुल गांधी, सोनिया जी निडर हैं, हम लोगों की बात रखेंगे...वे करेंगे हम पर कानूनी तौर पर या एजेंसियों के माध्यम से या किसी अन्य तरीके से दबाव डालें। लेकिन वे हम पर जितना दबाव डालेंगे, हम उतनी ही मजबूती से उठेंगे|
बता दें ,'इंदौर में पुलिस ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के सोशल मीडिया हैंडलर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
एमपी कांग्रेस मीडिया सेल के अध्यक्ष केके मिश्रा ने दावा किया कि प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और जयराम रमेश के खिलाफ 41 जिलों में एफआईआर दर्ज की गई हैं। कांग्रेस नेताओं ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर "50 प्रतिशत कमीशन" लेने का आरोप लगाया था - जो कि कर्नाटक चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति का दोहराव था, जब कांग्रेस ने कर्नाटक की भाजपा सरकार पर "40 प्रतिशत कमीशन" लेने का आरोप लगाया था। मध्य प्रदेश में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं।
बता दें कि ,'11 अगस्त को, प्रियंका गांधी ने एक खबर के हवाले से कहा था कि मध्य प्रदेश के ठेकेदारों के एक संघ ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि उन्हें 50 प्रतिशत कमीशन देने के बाद ही भुगतान मिलता है।
प्रियंका गांधी ने कहा था कि,''मध्य प्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50% कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है।
प्रियंका गांधी ने कहा था कि,''कर्नाटक में भ्रष्ट BJP सरकार 40% कमीशन की वसूली करती थी। मध्य प्रदेश में BJP भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्य प्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी।
पुलिस आरोपों (दर्ज एफआईआर) को लेकर रविवार को मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया.
पुलिस शिकायत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए,पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, “भ्रष्टाचार के हजारों मामले हैं। कितनों पर केस करेगी बीजेपी? अब जब पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार उजागर हो रहा है तो उनके पास क्या उपाय बचा है? यहां लोगों से पूछिए कि पत्र फर्जी है या सच्चा। वे आपको एक नहीं बल्कि 100-200 अक्षरों के बारे में बताएंगे।”
कमलनाथ ने कहा, “बाबा महाकाल से मध्यप्रदेश की प्रजा को 50% कमीशन की सरकार के भ्रष्ट राज से मुक्ति दिलाने, अपराधियों को दंड देने और समस्त प्रजा का कल्याण करने का निवेदन किया।”
कमलनाथ ने कहा, “चोरी और सीनाजोरी कमीशन राज सरकार का मूल मंत्र बन गया है। मुख्यमंत्री रोज पूरे प्रदेश में घूमकर विकास पर भाषण देते हैं और प्रदेश का नौजवान अपने भविष्य के विनाश पर आंसू बहाता है। प्रदेश में एक करोड़ से अधिक बेरोजगार नौजवान हैं, लेकिन इन्हें रोजगार की जगह नर्सिंग घोटाला, व्यापम घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, पटवारी भर्ती घोटाला और आयुष्मान कार्ड घोटाला मिलता है। 50% कमीशन के इस राज से विदाई के साथ ही इस घोटाला-राज का अंत होगा, तभी प्रदेश का नौजवान निशंक होगा।
पूर्व CM कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के लोगों से कहा, “मैं मध्य प्रदेश की समस्त दुखियारी प्रजा की ओर से आपसे अरज करता हूं कि मेरा मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार के दलदल में डूबता जा रहा है। भ्रष्टाचार की जननी पार्टी (BJP) के 50% के कमीशन राज ने घोटालों में किसी को नहीं छोड़ा है।
गर्भवती महिलाओं के पोषण आहार से लेकर प्रभु स्वयं आपके महाकाल लोक के निर्माण तक में भ्रष्टाचार हुआ है। पूरी प्रजा इस कमीशन राज से त्राहि-त्राहि कर रही है। जो इस अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाता है उस पर झूठे मुकदमे डाल दिए जाते हैं और हर तरह से प्रताड़ित किया जाता है। आप मध्य प्रदेश की प्रजा को इस भ्रष्ट राज से मुक्ति दिलाएं, अपराधियों को दंड दें और समस्त प्रजा का कल्याण करें।