नई दिल्ली: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) के मद्देनजर जनता दल (सेक्युलर) भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल हो गया है| कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने शुक्रवार (22 सितंबर) को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जेडीएस औपचारिक रूप से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल होने जा रही है। बैठक के दौरान भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी मौजूद रहे।
मीटिंग के बाद बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ''हमारे वरिष्ठ नेता और गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जद (एस) नेता एचडी कुमारस्वामी से मुलाकात की। मुझे खुशी है कि जद (एस) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा बनने का फैसला किया है। हम एनडीए में उनका तहे दिल से स्वागत करते हैं। यह एनडीए और पीएम मोदी जी के "न्यू इंडिया, स्ट्रांग इंडिया" के दृष्टिकोण को और मजबूत करेगा।
अमित शाह से मुलाकात के बाद एच.डी. कुमारस्वामी ने कहा, "आज हमने औपचारिक रूप से भाजपा के साथ हाथ मिलाने और NDA का हिस्सा बनने पर चर्चा की। हमने औपचारिक रूप से प्रारंभिक मुद्दों पर चर्चा की है... हमारी ओर से कोई मांग नहीं है।"
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से विकास का काम कर रहे हैं, कोई भी पार्टी NDA के साथ जुड़ने से ना नहीं कहेगी...मैं भी उनका(जेडीएस) स्वागत करता हूं। आने वाले चुनाव में NDA एक बार फिर सत्ता में आ रही है। हम कर्नाटक की सभी लोकसभा सीट जीत रहे हैं...|