नई दिल्ली: : 74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्रीनरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 7वीं बार ध्वजारोहण किया और राष्ट्र को संबोधित किया| देश में लड़कियों की शादी की उम्र में बदलाव आ सकता है| पीएम मोदी ने भारत में लड़कियों की शादी की उम्र को लेकर की जा रही संमीक्षा का उल्लेख करते हुए इसके संकेत दिए हैं|
पीएम मोदी ने आज स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए भाषण के दौरान देश की बेटियों को सलाम किया और कहा कि लड़कियों की शादी की उम्र क्या हो इसकी समीक्षा की जा रही है और इसे लेकर सही फैसले किए जाएंगे| पीएम ने बताया कि इसके लिए कमेटियां बनाई गई हैं|
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि 'लड़कियों की शादी की सही आयु क्या हो, इसके लिए एक कमेटी बनाई गई है, उसकी रिपोर्ट आते ही बेटियों की शादी की उम्र को लेकर उचित फैसले लिए जाएंगे।'
पीएम ने कहा कि ,मेरे प्रिय देशवासियों, हमारा अनुभव कहता है कि भारत में महिलाशक्ति को जब-जब भी अवसर मिले, उन्होंने देश का नाम रोशन किया, देश को मजबूती दी है| भारत में महिलाएं अंडरग्राउंड कोयले की खदान में काम कर रही हैं, तो फाइटर प्लेन भी उड़ाकर आसमान की बुलंदियों को चूम रही हैं। महिलाओं को स्वरोजगार और रोजगार के समान अवसर देने के लिए आज देश प्रतिबद्ध है।देश के जो 40 करोड़ जनधन खाते खुले हैं, उसमें से लगभग 22 करोड़ खाते महिलाओं के ही हैं। कोरोना के समय में अप्रैल-मई-जून, इन तीन महीनों में महिलाओं के खातों में करीब-करीब 30 हजार करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए हैं|