नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम: केरल के कोझिकोड में शुक्रवार रात एक बड़ा विमान हादसा हो गया। कोझीकोड के करिपुर हवाई अड्डे पर उतरने के दौरान रनवे पर फिसला और हादसे का शिकार हो गया। यह विमान दुबई से कोझिकोड आ रहा था। पीएम नरेंद्र मोदी ने केरल के सीएम पिनाराई विजयन से करईपुर विमान दुर्घटना के बारे में फोन पर बात की। सीएम ने पीएम को बताया कि कोझीकोड और मलप्पुरम जिला कलेक्टरों और आईजी अशोक यादव सहित अधिकारियों की एक टीम हवाई अड्डे पर पहुंची है और बचाव अभियान में भाग ले रही है|
केरल के कोझिकोड में करीपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान लैंडिंग करने के दौरान फिसल गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस से मिली जानकारी के अनुसार दुबई से आ रहे इस विमान में पायलट और क्रू मेंबर समेत 191 यात्री सवार थे। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। विमान में सवार यात्रियों में 128 पुरुष, 46 महिलाएं और 10 बच्चे थे।
कोंडोट्टी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की दुबई-कोझिकोड उड़ान (IX-1344) शुक्रवार की शाम 7.45 बजे लैंडिंग करते वक्त फिसल गई। जानकारी के अनुसार यह हादसा बारिश की वजह से रनवे गीला होने के चलते हुआ। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मामले की विस्तृत जांच ???ा आदेश दिया है।
फिसलने के बाद विमान करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा। यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। बता दें कि कोझिकोड का हवाई अड्डा भौगोलिक रूप से 'टेबल टॉप' है, मतलब हवाई पट्टी के इर्द-गिर्द खाई है। इसी कारण रनवे पर फिसलने के बाद विमान खाई में जा गिरा और दो टुकड़ों में टूट गया।
डीजीसीए से मिली जानकारी के अनुसार विमान ने रनवे संख्या 10 पर लैंडिंग की थी। जिसके बाद विमान फिसल गया और खाई में गिर गया। खाई में गिरने के बाद विमान के दो टुकड़े हो गए। डीजीसीए ने बताया कि लैंडिंग के समय भारी बारिश हो रही थी और दृश्यता 2000 मीटर थी। यह विमान वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से भारत आ रहा था।
बचाव एवं राहत कार्य के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के दल घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि पुलिस और अन्य बलों को तत्काल कार्रवाई को कहा गया है। अधिकारियों को बचाव और चिकित्सकीय मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री एसी मोइदीन बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अतिरिक्त डीजी मीडिया राजीव जैन ने बताया कि लैंडिंग के समय आग लगने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बचाव कार्य जारी है और यात्रियों को अस्पताल ले जाया जा रहा है। वहीं, दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस हादसे को लेकर हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया कि एनडीआरएफ को घटना स्थल पर जल्द से जल्द पहुंचने और बचाव कार्य में मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस हादसे पर संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोझिकोड में विमान हादसे पर शोक जताया। कांग्रेस नेता ने कहा, 'मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों को जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।'
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस हादसे को लेकर कहा कि पीड़ित परिवारों और घायलों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं। हम आगे की जानकारी पता कर रहे हैं। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस संकट की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
हादसे को लेकर कोझिकोड कलेक्टर ने हेल्पलाइन नंबर 495-2376901 जारी किया है। इस नंबर पर संपर्क कर विमान में सवार यात्रियों के परिजन जानकारी ले सकते हैं। इसके साथ ही एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात के दुबई और शारजाह में सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
दुबई में भारतीय दूतावास ने भी जारी किए हेल्पलाइन नंबर: दुबई में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस हादसे को लेकर हेल्पलाइन नंबर 0565463903, 0543090572 और 0543090575 जारी किए हैं। संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत पवन कपूर ने कहा है कि इस हादसे की जानकारी मिलने पर बहुत दुख हुई। हमारी प्रार्थनाएं विमान में सवार यात्रियों और उनके परिजनों के साथ हैं।