नई दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और कल पंजाब में उनके काफिले में सुरक्षा चूक की जानकारी ली। राष्ट्रपति ने गंभीर चूक पर चिंता व्यक्त की|
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी, हुसैनीवाला में राष्ट्रीय शहीद स्मारक जाने के लिए पंजाब के बठिंडा पहुंचे थे, उन्हें हेलीकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पर ले जाया जाना था, लेकिन बारिश और खराब दृश्यता के कारण, उन्होंने मौसम साफ होने के लिए लगभग 20 मिनट तक इंतजार किया|
'जब मौसम में सुधार नहीं हुआ, तो यह फैसला लिया गया कि वह सड़क मार्ग से राष्ट्रीय शहीद स्मारक का दौरा करेंगे, जिसमें दो घंटे से अधिक समय लगेगा|' स्मारक से लगभग 30 किमी दूर, जब पीएम का काफिला एक फ्लाईओवर पर पहुंचा, तो प्रदर्शनकारियों ने सड़क को बंद कर रखा था| प्रधानमंत्री 15-20 मिनट तक फ्लाईओवर पर फंसे रहे|
प्रधानमंत्री के दौरे में हुई सुरक्षा चूक की जांच के लिए पंजाब सरकार ने उच्चस्तरीय टीम का गठन किया है| जांच टीम तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी|