नई दिल्ली: असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का सोमवार को निधन हो गया| वह 84 वर्ष के थे। असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी समेत देश के तमाम राजनेताओं ने शोक जताया है|
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, तरुण गोगोई सच्चे कांग्रेस नेता थे| उन्होंने असम के सभी लोगों और समुदायों को एक साथ लाने के लिए पूरा जीवन समर्पित कर दिया| मेरे लिए वह महान और विद्वान शिक्षक थे| मैं उन्हें बेहद प्यार करता था और सम्मान देता था| मुझे उनकी कमी बहुत खलेगी| मेरी संवेदनाएं गौरव और उनके परिवार के साथ हैं|
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा, "तरुण गोगोई जी एक लोकप्रिय नेता और एक वयोवृद्ध प्रशासक थे, जिन्हें असम के साथ-साथ केंद्र में भी राजनीतिक अनुभव था| उनके निधन से दुखी हूं|दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं|शांति."
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर दुख जताया| राष्ट्रपति ने अपने शोक संदेश में कहा, असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ| देश ने एक वयोवृद्ध नेता और व्यापक राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव रखने वाली शख्सियत को खो दिया| मुख्यमंत्री के तौर पर उनका लंबा कार्यकाल असम में बहुत सारे बदलाव लेकर आया|
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, "तरुण गोगई जी असम की लोकप्रिय एवं सर्वमान्य आवाज थे| एक कर्मठ कांग्रेसी नेता जिन्होंने अपना पूरा जीवन असम के लोगों की सेवा और सबके बीच प्रेमभाव स्थापित करने में न्योछावर कर दिया| विनम्र श्रद्धांजलि. गौरव एवं उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं|
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "अनुभवी नेता और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई जी के निधन के बारे में जानकर दुखी हूं|सर्वशक्तिमान उनके परिवार को इस दुखद नुकसान को सहन करने की शक्ति दें| उनके परिवार और अनुयायियों के साथ मेरी संवेदना|शांति शांति शांति|
देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने लिखा, "असम के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री तरुण गोगोई जी के निधन से दुखी हूं| अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में आपने विभिन्न भूमिकाओं में राष्ट्र और प्रदेश की जनता की निष्ठापूर्वक सेवा की|जन सेवा में आपके योगदान को सदैव आदर पूर्वक याद किया जाएगा|शोकाकुल परिजनों, सहयोगियों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपना आशीर्वाद देने की प्रार्थना करता हूं.| ओम शान्ति!
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने ट्वीट में लिखा, "वयोवृद्ध नेता और असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ| उनके परिवार, अनुयायियों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना|
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया ने लिखा, "कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व असम के 15 साल तक मुख्यमंत्री रहे तरुण गोगोई जी का लंबी बीमारी के बाद निधन पूरे कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है|गौरव गोगोई और परिवार के प्रतिसंवेदना व्यक्त करते हुए, महान आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं|
इसके अलावा शशि थरूर, आनंद शर्मा और अभिषेक सिंघवी के अलावा कांग्रेस के कई नेताओं ने भी तरुण गोगोई के निधन पर अपना दुख जताया|