नई दिल्ली: ऐप बुली बाई’ (BulliDeals) पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें अपलोड किए जाने और उन्हें ऑनलाइन "नीलामी" करने को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है| प्रियंका गांधी ने कहा कि मामले में दोषियों के खिलाफ एक्शन नहीं लेना केंद्र सरकार की महिला विरोधी विचारधारा को दर्शाता है| इससे पहले शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शनिवार को मुंबई पुलिस और सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव दोनों को ‘बुलीबाई’ ऐप ‘फ्लैग’ किया और कार्रवाई की मांग की थी|
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, सांप्रदायिक ताकतें यौन हिंसा को अपना हथियार समझती हैं। नफरत की फसल बोने वाले जो लोग आज पहचान के आधार पर महिलाओं को टारगेट कर यौन हिंसा कर रहे हैं वे समाज, संविधान व देश विरोधी हैं| प्रियंका गांधी ने कहा कि,''नरेंद्र मोदी जी इस तरह के लोगों पर एक्शन न लेना आपकी सरकार की महिला विरोधी विचारधारा को दर्शाता है|
बता दें कि,''सुल्ली डील्स के बाद अब बुल्ली बाई...एक ऐसा एप, जिसने सोशल मीडिया पर भूचाल मचाकर रख दिया है। ऐप ‘बुली बाई’ पर तस्वीरें अपलोड करने की घटना पिछले साल जुलाई में ‘सुल्ली डील्स’ पर तस्वीरें अपलोड करने की तरह ही है| दोनों ऐप एक जैसा ही काम करते हैं. ऐप को खोलने पर एक मुस्लिम महिला की तस्वीर बुली बाई के तौर पर सामने आती है| ट्विटर पर अधिक फॉलोवर वाली मुस्लिम महिलाओं, जिनमें पत्रकार भी शामिल है, की चुनिंदा तरीके से उनकी तस्वीरें अपलोड की गई हैं|
बता दें कि,''सुल्ली , महिलाओं के खिलाफ इस्तेमाल किया जाने वाला अपमानजनक शब्द है। चार जुलाई, 2021 को ट्विटर पर सुल्ली डील्स के नाम से कई स्क्रीनशॉट साझा किए गए थे। इस एप में एक टैग लाइन लगी थी, 'सुल्ली डील ऑफ द डे' और इसे मुस्लिम महिलाओं की फोटो के साथ शेयर किया जा रहा था। खास बात यह निकलकर आई कि इसे गिटहब पर एक अज्ञात समूह द्वारा बनाया गया था।
अब बुल्ली डील्स पर भी मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों का सौदा हो रहा है, लेकिन यह एप तब सामने आया जब एक महिला पत्रकार को निशाना बनाया गया। उनकी तस्वीरों का भी अवैध तरीके से इस्तेमाल कर एप पर ट्रोल किया जा रहा था। इसकी जानकारी देते हुए महिला पत्रकार ने ट्विटर पर लिखा कि मुस्लिम महिलाओं को "डर और घृणा की भावना" के साथ नए वर्ष की शुरुआत करनी पड़ी है।
शिवसेना सांसद ने उठाया मुद्दा
इसके बाद शिवसेना की राज्यसभा सांसद और प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने संजय पांडे, पुलिस महानिदेशक (DGP), हेमंत नागराले, पुलिस आयुक्त, मुंबई और रश्मि करंदीकर, पुलिस उपायुक्त (DCP) से बात की है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि "ऐसी गलत और सेक्सिस्ट साइटों के पीछे के लोगों को पकड़ा जाएगा।"
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि होस्टिंग प्लेटफॉर्म गिटहब का इस्तेमाल करते हुए सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें एक एप पर अपलोड की गई हैं। इस मुद्दे को उन्होंने मुंबई पुलिस के सामने उठाया और मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव जी उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का कई बार आग्रह किया जो 'सुल्ली डील्स' जैसे प्लेटफार्म के जरिए महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। शर्म की बात है कि इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।’’
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि पहले वो सुल्लीडील्स और अब बुल्लीडील्स के रूप में सामने आए हैं| ट्विटर इंडिया से सहयोग की उम्मीद है|अगर इन अकाउंट्स को फ्लैग किया जाएगा तो अपराधियों तक जल्द पहुंचने में मदद मिलेगी|
इस मामले पर प्रतिक्रिया जताते हुए मुंबई पुलिस ने कहा कि उसने मामले का संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है| एक अधिकारी ने कहा कि मुंबई साइबर पुलिस ने आपत्तिजनक कंटेट के संबंध में जांच शुरू कर दी है|