नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला| पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैफुद्दीन सोज की हिरासत को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सैफुद्दीन सोज ने लोकतंत्र की प्रक्रियाओं को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उनके साथ कैदी जैसा व्यवहार करके भाजपा सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा कि, सैफुद्दीन सोज साहब ने भारतीय लोकतंत्र की प्रक्रियाओं को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उनके साथ कैदी सा व्यवहार करके भाजपा सरकार लोकतंत्र को कुचल रही है। जम्मू-कश्मीर में एक साल से तानाशाही कायम है। मैं सरकार को याद दिलाना चाहती हूँ कि भारत एक लोकतंत्रात्मक गणराज्य है। गौरतलब है कि पिछले साल 5 अगस्त से ही सैफुद्दीन सोज को घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है| सैफुद्दीन सोज का आरोप है कि उन्हें नजरबंद करके रखा गया है|
सैफुद्दीन सोज ने सोमवार को कहा था कि,' उन्हें अब भी घर में नजरबंद करके रखा है। अब उनके घर के गेट को अंदर से भी बंद कर दिया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सोज ने कहा कि,' सरकार ने 30 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि मुझे रिहा कर दिया गया है लेकिन मैं स्पष्ट रूप से कह चुका हूं कि सरकार ने न्यायालय और उसके बाहर गलत बयान दिये हैं। मैं उसी दिन और उसके बाद भी झूठे बयानों का खंडन कर चुका हूं लेकिन सरकार लगातार बेवजह झूठ फैला रही है। सोज ने कहा कि उनके घर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने अब मुख्य द्वार को अंदर से बंद कर दिया है।
बता दें, र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोज की पत्नी ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर पति को अवैध हिरासत से रिहा करने की अपील की थी। इस पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने हलफनामा दायर कर कहा था कि सोज को न तो कभी हिरासत में लिया गया और न ही घर में नजरबंद रखा गया। उनके आने-जाने पर भी कोई पाबंदी नहीं है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन द्वारा सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया गया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के मूमेंट पर कोई पाबंदी नहीं है| सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल ने कहा कि झूठ बोलने का कोई सवाल ही नहीं है और सोज एक आजाद आदमी हैं|