पुडुचेरी: पुडुचेरी एलजी ने 22 फरवरी को विधान सभा में फ्लोर टेस्ट का आदेश दिय??| पुडुचेरी में राजनीतिक संकट के बीच उपराज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने 22 फरवरी को शाम 5 बजे तक विधान सभा में फ्लोर टेस्ट का आदेश दिया है। बता दें कि सत्ताधारी पार्टी के विधायकों के इस्तीफे के बाद से राज्य में राजनीतिक संकट गहराया हुआ है।
उपराज्यपाल के सचिवालय की तरफ से यहां जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि विधानसभा में विपक्ष के नेता और एआईएनआरसी प्रमुख एन रंगास्वामी इस बात पर जोर दे रहे थे कि सरकार को सदन में अपना बहुमत साबित करना चाहिए जिसके बाद सौंदरराजन ने मुख्यमंत्री वी नारायणसामी को यह निर्देश दिया।
इसमें कहा गया कि उपराज्यपाल ने नारायणसामी को सूचित किया है कि विधानसभा की बैठक सोमवार को होगी और इसका एकमात्र एजेंडा यह पता करना होगा कि सरकार के पास अब भी सदन में बहुमत है या नहीं। इसमें कहा गया कि मतदान हाथ उठाकर होगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।
विज्ञप्ति में कहा गया कि उपरोक्त निर्देश के मुताबिक विश्वास मत की प्रक्रिया 22 फरवरी 2021 को शाम पांच बजे तक पूरी कर ली जाएगी और कार्यवाही को किसी भी कीमत पर स्थगित/विलंबित या टाला नहीं जाएगा।
30 सदस्यों वाली पुदुच्चेरी विधानसभा में कांग्रेस के 15 विधायक थे जबकि डीएमके के तीन और एक निर्दलीय का समर्थन भी उसे हासिल था| हालांकि चार कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद स्थिति में बदलाव आया| पुडुचेरी विधानसभा का चुनाव अप्रैल में होने की उम्मीद है क्योंकि मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 21 जून 2021 को समाप्त हो रहा है।
कांग्रेस विधायक के इस्तीफे का घटनाक्रम पार्टी नेता राहुल गांधी के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करने के लिए आने से एक दिन पहले हुआ है। कुमार के इस्तीफा के बाद मंगलवार को विधानसभा में कांग्रेस के 10, द्रमुक के तीन, ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के सात, अन्नाद्रमुक के चार, भाजपा के तीन (सभी नामांकित एवं मत देने का अधिकार रखते हैं) और एक निर्दलीय विधायक रह गया है।