नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं यहां पार्टी के आंतरिक मुद्दों और पंजाब के विकास के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस अध्यक्षा से मिलने आया था।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि,''मैं कांग्रेस अध्यक्ष से मिला, पार्टी के आतंरिक मामले और पंजाब के विकास पर उनसे बात हुई। जो फैसला कांग्रेस अध्यक्ष करेंगी, हम उस पर पूरा अमल करेंगे। पंजाब आगामी चुनाव के लिए तैयार है| कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि,''जो भी फैसला आलाकमान करेगा |हम उस पर पूरा अमल करेंगे|
नवजोत सिंह सिद्धू पर सवाल पूछे जाने पर पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि,'मैं सिद्धू साहब के बारे में कुछ नहीं जानता, मैंने अपनी सरकार के काम और राजनीतिक मुद्दों पर कांग्रेस अध्यक्ष से चर्चा की|
अमरिंदर सिंह ने कहा कि जहां तक पंजाब का सवाल है तो वह जो भी निर्णय लेंगी हम उसके लिए तैयार हैं। हम आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं सिद्धू पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं, मैं यहां पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से आया था।'
बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार सुबह चॉपर में चंडीगढ़ से दिल्ली रवाना हुए। इससे पहले वह दिल्ली में पार्टी आलाकमान द्वारा गठित तीन सदस्यीय कमेटी से मुलाकात कर चुके हैं।
30 जून को नवजोत सिंह सिद्धू ने नई दिल्ली में प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नवजोत सिंह सिद्धू को बड़ी जिम्मेदारी देने पर सहमत हैं। पार्टी आलाकमान उन्हें विश्वास में लेने के बाद सिद्धू को उपमुख्यमंत्री या प्रचार समिति का अध्यक्ष बना सकता है।