नई दिल्ली : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) कल संसद के दोनों सदनों में तमिलनाडु में हुई सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना (military helicopter crash) पर बयान देंगे। तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 13 लोगों मृत्यु हो गई है|
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार शुक्रवार (10 दिसंबर) को दिल्ली छावनी में किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर के कल शाम तक एक सैन्य विमान से राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने की उम्मीद है।
शवों को शुक्रवार को उनके घर लाया जाएगा और लोगों को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धांजलि देने की अनुमति दी जाएगी, इसके बाद एक अंतिम संस्कार जुलूस कामराज मार्ग से दिल्ली छावनी में बरार स्क्वायर श्मशान तक निकाला जाएगा।
CDS जनरल बिपिन रावत सहित 13 लोगों की मौत पर कल (9 दिसंबर) उत्तराखंड विधानसभा में शोक व्यक्त किया जाएगा, जिसके बाद सदन को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया जाएगा :राज्य विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल
CDS बिपिन रावत जी के जाने से बहुत बड़ी क्षति हुई है, उनकी पूर्ति नहीं हो सकती है। सभी देशवासी और उत्तराखंड वासी बहुत दुखी है। देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी बहुत बड़ी क्षति है। भगवान उनको अपने चरणों में स्थान दें :उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,
विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान भी शहीद
हेलीकॉप्टर हादसे में शहीद सीडीएस बिपिन रावत के साथ ताजनगरी के जांबाज विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान भी शहीद हुए हैं। पृथ्वी सिंह उसी हेलीकॉप्टर के पायलट थे, जिसमें सीडीएस रावत, उनकी पत्नी व अन्य लोग सवार थे। यह जानकारी पृथ्वी के पिता सुरेंद्र सिंह ने दी है। वायु सेना की ओर से इस संबंध में कोई अधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल बाजवा ने सीडीएस बिपिन रावत के निधन पर जताया शोक
पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने बुधवार को हेलिकॉप्टर हादसे में भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत समेत 13 लोगों के निधन को बेहद दुखद करार देते हुए शोक जताया| पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता ने ट्विटर पर साझा किए गए एक संक्षिप्त बयान में कहा कि संयुक्त स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष (CJCSC) जनरल नदीम रजा और थल सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने भारत में जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य लोगों के एक हेलीकॉप्टर हादसे में हुए आकस्मिक निधन पर शोक जताया है|
भूटान के प्रधानमंत्री ने हेलिकॉप्टर हादसे में हुई मौत पर जताया दुख
भूटान के प्रधानमंत्री लोते शेरिंग ने हेलिकॉप्टर दुर्घटना में सीडीएस बिपिन रावत की मौत पर दुख जताया है| उन्होंने कहा, “भारत में हुए हेलिकॉप्टर क्रैश के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ, जिसमें चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी सहित 13 लोगों की मौत हो गई| भूटान के लोग और मैं भारत के लिए और सभी दुखी परिवारों के लिए प्रार्थना करते हूं| आपको इस दुख को सहने की शक्ति मिले|
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने हादसे पर जताया दुख
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने ट्वीट कर हेलिकॉप्टर दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत की मौत पर दुख जताया है| उन्होंने लिखा, “भारत के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और उनके कई स्टाफ असामयिक मौत की खबर सुनकर स्तब्ध और दुखी हूं| हमारी संवेदनाएं भारत के लोगों, सरकार और उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है|
इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बिपिन रावत की मौत पर जताया दुख
इजराइल के पूर्व प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सीडीएस बिपिन रावत की मौत पर दुख जताया है| उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर क्रैश में भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य की मौत के बारे में जानकर मैं काफी दुखी हूं| पीड़ितों के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं और प्रार्थना हैं| उनकी आत्मा को शांति मिले| वहीं भारत में इजराइल के राजदूत नाओर गिलोन ने श्रद्धांजलि देते हुए अपने ट्विटर प्रोफाइल में सीडीएस बिपिन रावत की तस्वीर लगाई है|
सुब्रमण्यम स्वामी ने की जांच की मांग
राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने बुधवार को तमिलनाडु के कुन्नूर के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जांच सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ न्यायाधीश से कराने की मांग की। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इस घटना को चौंकाने वाला और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ी चेतावनी बताया। स्वामी ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट नहीं आई है, इसलिए मेरे लिए कुछ भी कहना बहुत मुश्किल है, लेकिन तमिलनाडु जैसे सुरक्षित क्षेत्र में एक सैन्य विमान का इस तरह से दुर्घटनागस्त हो जाना कई सवाल खड़े करता है।
IAF Helicopter Crash
तमिलनाडु में हुए हेलीकाप्टर क्रैश में सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत सभी 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसे के वक्त हेलीकाप्टर में सीडीएस और उनकी पत्नी समेत सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वायु सेना ने ट्वीट कर ये जानकारी दी है। हेलीकाप्टर में सवार 14 लोगों में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। साथ ही जानकारी है कि शवों की पहचान डीएनए जांच से की जाएगी। सरकार गुरुवार को संसद में दुर्घटनाग्रस्त हुए सैन्य हेलीकॉप्टर एमआई-17 वी5 के बारे में जानकारी देगी। वहीं, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायु सेना ने जांच के आदेश दिए हैं।
दुर्घटनास के वक्त हेलीकाप्टर में कुल 14 लोग सवार थे। इनमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत, ब्रिगेडियर एलएस लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक बी साई तेजा और हवलदार सतपाल शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु के कोयंबटूर और सुलूर के बीच दुर्घटनाग्रस्त हुए सेना के एमआई-सीरीज के हेलीकाप्टर में सीडीएस बिपिन रावत, उनके कर्मचारी और परिवार के कुछ सदस्य सवार थे। बताया जा रहा है कि सीडीएस बिपिन रावत अपनी पत्नी के साथ वेलिंगटन में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, इसी दौरान ये हादसा हुआ है। वेलिंग्टन में आर्म्ड फोर्सेज का कॉलेज है। यहां सीडीएस रावत को लेक्चर था।