मुंबई: दो दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मुंबई के ट्राइडेंट होटल में मुलाकात की थी| फिल्म सिटी को लेकर शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पूछा है कि क्या सीएम योगी अन्य राज्यों में बनी फिल्म सिटी को लेकर भी वहां के कलाकारों से बात करेंगे या फिर सिर्फ मुंबई में ही ऐसा करने वाले हैं?
CM योगी आदित्यनाथ से अक्षय कुमार के मुलाकात पर शिवसेना नेता संजय राउत ने तंज कसा है| बुधवार को उन्होंने कहा कि, अक्षय कुमार आम की टोकरी लेकर गए होंगे। संजय राउत ने कहा कि,''मैंने देखा कि योगी जी मुंबई में किसी 5 स्टार होटल में अक्षय कुमार के साथ बैठे हैं शायद अक्षय जी आम की टोकरी लेकर गए होंगे।
उन्होंने कहा कि,''मुंबई की फिल्म सिटी को कोई यहां से ले जाने की बात अगर करता है तो पहले योगी जी ये बताएं कि नोएडा फिल्म सिटी की अभी क्या हालत है...?
संजय राउत ने कहा कि,'मुंबई के फिल्म सिटी को दूसरी जगह शिफ्ट करना आसान नहीं है। दक्षिण भारत में फिल्म उद्योग भी बड़ा है, पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी फिल्म सिटी हैं। क्या योगी जी इन स्थानों पर भी जाएंगे और वहां के निर्देशकों / कलाकारों से बात करेंगे या क्या वह केवल मुंबई में ही ऐसा करने जा रहे हैं...?
नवाब मलिक ने कहा कि,मुख्यमंत्री योगी यूपी में बॉलीवुड जैसी फ़िल्म सिटी बनाने की बात कर रहे हैं, अच्छी बात है। लेकिन ये समझ लेना की 100 साल से मुंबई को मिला बॉलीवुड का दर्ज़ा ख़त्म हो जाएगा, लोग पूरी तरह से अन्य राज्यों में चले जाएंगे...बॉलीवुड के दर्जे को कोई ख़त्म नहीं कर सकता|
महाराष्ट्र के गृह मंत्री ने कहा कि,''जैसा फिल्म इंडस्ट्री का माहौल यहां है मुझे नहीं लगता कि कोई प्रयास करके दूसरे राज्य में वैसा माहौल दे सकता है। यहां पर जितनी सुविधाएं हैं बाहर का कोई राज्य उतनी सुविधाएं नहीं दे सकता है इसलिए यहां से फिल्म इंडस्ट्री ले जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता|
यूपी मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि,''इन्होंने अंडरवर्ल्ड के हाथों में फिल्म इंडस्ट्री को दे रखा है। ये बयानों के जरिए फिल्म इंडस्ट्री पर दबाव बना रहे हैं कि यहां से कोई जा नहीं सकता। हम कब कह रहे हैं कि हम बॉलीवुड ले जा रहे हैं, यूपी CM तो बस फिल्में बनाने के लिए एक बेहतर व्यवस्था दे रहे हैं|
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ने मंगलवार को आरोप लगाया कि BJP ‘बॉलीवुड का एक टुकड़ा' इस उत्तरी राज्य में ले जाने का षडयंत्र रच रही है| चव्हाण ने ट्वीट किया, ‘‘जब भाजपा महाराष्ट्र में सत्ता में थी, तब कई उद्योग एवं कार्यालय गुजरात स्थानांतरित कर दिये गये थे| महाराष्ट्र में सरकार बदल गयी, लेकिन भाजपा उत्तर प्रदेश सरकार के नाम पर अब बॉलीवुड का एक टुकड़ा ले जाने की पटकथा तैयार कर रही है|
उन्होंने लिखा, ‘‘भाजपा के शासनकाल में जो कुछ हुआ, हम फिर वह नहीं होने देंगे| चव्हाण ने लिखा, ‘‘पहले महाराष्ट्र का महत्व जान-बूझकर घटाया गया लेकिन सरकार चुप रही|भाजपा नेताओं ने बस अपने वरिष्ठ नेताओं को प्रसन्न रखने के लिए मुख्यमंत्री फंड के वास्ते धन जुटाने के बजाय पीएम केयर्स फंड में धन जुटाने में अगुवाई की|
उन्होंने कहा कि हर राज्य को अपने आपको विकसित करने और दूसरे राज्यों की मदद करने का हक है लेकिन किसी भी राज्य को ‘दूसरे का हिस्सा' छीनने का अधिकार नहीं है| उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा नेताओं को अपनी पार्टी के इस कदम का समर्थन नहीं करना चाहिए और इस पाप में भागीदार नहीं बनना चाहिए|