नई दिल्ली: देश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर जारी है। तीसरी लहर को लेकर सतर्कता भी बढ़ गई है। इसी बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से किए गए सिंगापुर कोविड वेरिएंट वाले ट्वीट का मामला लगातार बढ़ता ही जा रहा है| मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने कोरोना के ‘सिंगापुर स्ट्रेन’ को लेकर चेताया था और भारत सरकार से सिंगापुर से आने-जाने वाली फ्लाइट्स तुरंत प्रभाव से रद्द करने की अपील की थी। पहले भारत सरकार ने अरविंद केजरीवाल के आरोपों का जवाब दिया और अब सिंगापुर सरकार ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए जवाब दिया है। साथ ही भारतीय उच्चायुक्त को तलब कर अपनी नाराजगी जताई है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि,''कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सिंगापुर और भारत ठोस भागीदार रहे हैं... हालांकि, जिन्हें ठीक पता होना चाहिए उनकी गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियां हमारी लंबी साझेदारी को नुकसान पहुंचा सकती हैं। मैं स्पष्ट कर दूं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री भारत के लिए नहीं बोलते हैं|
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट कर जानकारी दी कि सिंगापुर की सरकार की ओर से भारतीय उच्चायोग को कॉल करके इसपर आपत्ति जताई गई है| उन्होंने ट्वीट कर बताया, 'सिंगापुर की सरकार ने हमारे उच्चायोग को कॉल करके दिल्ली के मुख्यमंत्री के 'सिंगापुर वेरिएंट' वाले ट्वीट पर कड़ी आपत्ति जताई है| हमारे उच्चायुक्त ने उन्हें बताया कि दिल्ली के सीएम कोविड के वेरिएंट्स या फिर सिविल एविएशन पॉलिसी की घोषणा करने की पात्रता नहीं रखते हैं|
जयशंकर ने ट्वीट किया,'' 'भारत और सिंगापुर कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मजबूत भागीदार रहे हैं|हम लॉजिस्टिक हब और ऑक्सीजन सप्लायर के तौर पर सिंगापुर की मदद की सराहना करते हैं| हमारी मदद के लिए मिलिट्री एयरक्राफ्ट की तैनाती करने का उनका कदम बताता है क?? हमारे संबंध कितने उम्दा हैं| उन्होंने अगले ट्वीट में कहा, 'हालांकि, कुछ लोगों के गैर-जिम्मेदाराना बयानों से लंबी चली आ रही भागीदारियों को नुकसान पहुंच सकता है| तो मैं साफ कर देता हूं कि- दिल्ली के सीएम का बयान पूरे भारत का बयान नहीं है|
विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सिंगापुर की स्थिति पर केंद्र सरकार की नजर है और सभी एहतियात बरती जा रही हैं। पुरी ने ट्विटर पर कहा, ''केजरीवाल, सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मार्च 2020 से ही बंद हैं। सिंगापुर के साथ हमारा एयर बब्बल भी नहीं है।'' उन्होंने कहा कि वंदे भारत मिशन के तहत दोनों देशों के बीच कुछ उड़ानें जारी हैं ताकि वहां फंसे भारतीयों को वापस लाया जा सके।
भारत में मौजूद सिंगापुर के दूतावास ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के इस ट्वीट का जवाब दिया। इसमें कहा गया कि सिंगापुर में कोरोना के नए स्ट्रेन पाए जाने की बात में कोई सच्चाई नहीं है। टेस्टिंग के आधार पर पता चला है कि सिंगापुर में कोरोना का B.1.617.2 वैरियंट ही मिला है, जो भारत में पैदा हुआ है। इसमें बच्चों से जुड़े कुछ मामले भी शामिल हैं। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बयान जारी कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के दावे का खंडन किया था।
बता दें कि मंगलवार को केजरीवाल ने एक ट्वीट कर कहा था कि 'सिंगापुर में आया कोरोना का नया रूप बच्चों के लिए बेहद खतरनाक बताया जा रहा है| भारत में ये तीसरी लहर के रूप में आ सकता है| केंद्र सरकार से मेरी अपील- 1. सिंगापुर के साथ हवाई सेवाएं तत्काल प्रभाव से रद्द हों. 2. बच्चों के लिए भी वैक्सीन के विकल्पों पर प्राथमिकता के आधार पर काम हो|