नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने कोहराम मचा रखा है।भारत में कोरोनावायरस के नए मामलों की रफ्तार बढ़ती जा रही है| कई दिनों से प्रतिदिन साढ़े तीन लाख से अधिक कोरोना केस मिल रहे हैं। लगातार कोरोना मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों में बढ़ोतरी ने दहशत पैदा कर दी है। महमारी के कहर से स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है। अस्पताल ऑक्सीजन, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की कमी का सामना कर रहे हैं। संकट के समय में करीब 20 देश भारत की मदद को आगे आए हैं।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड करीब 3.8 लाख नए मामले सामने आए हैं और 3,645 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से जान चली गई|कोरोना मामलों और कोरोना से होने वाली मौतों का यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है|
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक,भारत में पिछले 24 घंटे में COVID19 के 3,79,257 नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1,83,76,524 हुई। 3645 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 2,04,832 हो गई है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 30,84,814 है और डिस्चार्ज हुए मामलों की कुल संख्या 1,50,86,878 है।
देश में कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 15,00,20,648 हो गया है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के मुताबिक,''भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 28,44,71,979 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 17,68,190 सैंपल कल टेस्ट किए गए|