नई दिल्ली: उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को ग्लेशियर टूटने की घटना में कई लोगों की मौत हुई है और लगभग 200 लोग लापता हैं| इस आपदा में अब तक 30 शव बरामद हुए है| उत्तराखंड के DGP अशोक कुमार ने बताया,'' 197 लोग लापता हैं हमारे पास 192 लापता लोगों के नामों की लिस्ट आई है, उनमें से 30 शव मिल चुके हैं। बचे हुए लोगों के लिए सर्च अभियान जारी है|
राज्यसभा के सदस्यों ने उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के चमोली ज़िले में ग्लेशियर टूटने को लेकर राज्यसभा में जानकरी दी है|
राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने बताया,''7 फरवरी 2021 के उपग्रह डाटा के अनुसार ऋषि गंगा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में समुद्र तल से 5600 मीटर ऊपर ग्लेशियर के मुहाने पर हिमस्खलन हुआ जो लगभग 14 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र जितना बड़ा था। जिससे ऋषि गंगा नदी के निचले क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति बन गई| टनल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रातभर के अथक प्रयास के बाद सेना ने टनल के मुंह पर पड़े मलबे को साफ कर लिया है, हमारे लोग काफी अंदर तक गए हैं|
अमित शाह ने बताया,''ITBP के 450 जवान, NDRF की 5 टीमें, भारतीय सेना की 8 टीमें, एक नेवी टीम और 5 IAF हेलीकॉप्टर खोज और बचाव अभियान में लगे हुए हैं| उत्तराखंड सरकार ने कहा है कि अब निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा नहीं है और जल स्तर भी घट रहा है। अधिकांश क्षेत्रों में बिजली बहाल हो गई है, 5 क्षतिग्रस्त पुलों का मरम्मत कार्य जारी है|