कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने से नाराज बीजेपी कार्यकर्ताओं का उग्र रवैया सामने आया है|कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार को बदलने के लिए पार्टी कार्यालय के सामने प्रदर्शन। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पहले नारेबाजी की और फिर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए| बीजेपी ने कैनिंग पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से अर्नब रॉय को उम्मीदवार बनाया है|
सोमवार को भी कोलकाता के बीजेपी चुनाव कार्यालय पर वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय, अर्जुन सिंह और शिव प्रकाश से भी धक्कामुक्की की गई और उन्हें नाराज कार्यकर्ताओं के गुस्से का सामना करना पड़ा| नाराज कार्यकर्ता बैरीकेडिंग तोड़कर और धक्कामुक्की करते ही पार्टी कार्यालय की इमारत तक पहुंचे|बंगाल के कई जिलों में भी बीजेपी के कार्यालयों पर भी तोड़फोड़ की गई है| कोलकाता में BJP के चुनाव कार्यालय के बाहर सैकड़ों की संख्या में उग्र प्रदर्शनकारी जमा हुए|नारेबाजी के साथ उन्होंने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया|
बता दें कि बंगाल में 294 सीटों के लिए आठ चरणों में वोटिंग होगी| 27 मार्च को पहले चरण के लिए मतदान होंगे| पहले चरण में 38 सीटों पर वोटिंग होगी| दूसरे चरण का मतदान 1 अप्रैल को होगा, इसके तहत 30 सीटों पर लोग वोट डालेंगे| तीसरे चरण की वोटिंग के लिए 6 अप्रैल का दिन तय किया गया है, जहां 31 सीटों पर लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे|
10 अप्रैल को चौथे चरण में 44 सीटों पर वोटिंग होगी|पांचवें चरण का चुनाव 17 अप्रैल को होगा, जहां 45 सीटों पर वोट डाले जाएंगे| इसके अलावा 22 अप्रैल को छठे चरण में 41 सीटों, 26 अप्रैल को सातवें चरण के तहत 36 सीटों तो वहीं आखिरी और आठवें चरण में 35 सीटों पर वोटिंग होगी| नतीजे 2 मई को घोषित किए जाएंगे|