जयपुर: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सरकार में हुए भ्रष्टाचार के ख़िलाफ कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने आज सुबह अपना एक दिन का अनशन शुरू किया। कांग्रेस की सोमवार रात की चेतावनी के बावजूद, सचिन पायलट राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए दबाव बनाने के लिए राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली अपनी ही पार्टी की अगुवाई वाली सरकार के खिलाफ मंगलवार को 'एक दिन का अनशन' कर रहे हैं।
बता दें ,''रविवार 09 अप्रैल को, पायलट ने कहा था कि राज्य सरकार राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के शासन के दौरान भ्रष्टाचार के मामलों की जांच करने में विफल रही और भाजपा की वसुंधरा सरकार में हुए भ्रष्टाचार के ख़िलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 11 अप्रैल को 'एक दिन का अनशन' रखने की अपनी योजना की घोषणा की थी।
पायलट द्वारा अशोक गहलोत सरकार पर हमला करने के बाद राजस्थान के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सोमवार को कहा था कि सचिन पायलट की 'एक दिन का अनशन' रखने की योजना "पार्टी के हितों के खिलाफ" है और "पार्टी विरोधी गतिविधि" है।
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा था कि,'' सचिन पायलट का मंगलवार को 'दिन भर का अनशन' पार्टी के हितों के ख़िलाफ़ है और पार्टी विरोधी गतिविधि है । रंधावा ने कहा था कि,''अगरअपनी ही सरकार के साथ उनकी कोई समस्या है तो मीडिया और जनता के बजाय पार्टी के प्लेटफॉर्म पर चर्चा की जा सकती है। मैं पिछले 5 महीनों से एआईसीसी प्रभारी हूं लेकिन पायलट जी ने इस मुद्दे पर कभी भी मुझसे चर्चा नहीं की। मैं उनके साथ संपर्क में हूं और अभी भी उनसे शांतिपूर्ण ढंग से बातचीत की अपील करता हूं। क्योंकि वह निर्विवाद रूप से कांग्रेस पार्टी के एक मजबूत स्तंभ हैं।