जम्मू-कश्मीर: जम्मू के नरवाल इलाके में दो धमाके हुए जिसमें 9 लोग घायल हुए हैं | इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है| विस्फोट में कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए | नरवाल इलाके में डॉग स्क्वायड ने जांच की जहां आज 2 विस्फोट हुए हैं| अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने कहा, 'नरवाल में दोहरे विस्फोट में 9 लोग घायल हो गए।' पुलिस के मुताबिक जिस जगह धमाके हुए हैं, वहां आसपास कबाड़ी की दुकानें भी हैं| यह क्षेत्र व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र है | यहाँ टायर, स्पेयर पार्ट्स, जंक डीलर और कार एक्सेसरीज की कई दुकानें हैं।
सेना और सुरक्षा प्रभाव विश्लेषण (SIA) की टीमों के वरिष्ठ अधिकारी जम्मू के नरवाल में घटनास्थल पर पहुंचे जहां आज 2 विस्फोट हुए थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा,''ट्रांसपोर्ट नगर नरवाल के यार्ड नंबर 7 में दो वाहनों में विस्फोट की सूचना मिली थी। हम विस्फोटों की प्रकृति की जांच कर रहे हैं।'
सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अधीक्षक डॉ नरिंदर भटियाली ने कहा, “विस्फोट में घायल सात लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनमें से एक की सर्जरी की जा रही है, जिसके पेट में छर्रे लगे हैं।”
दोनों धमाकों के बीच 20 मिनट का अंतर था
DIG जम्मू शक्ति पाठक ने बताया कि,'हम धमाके की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद जो भी तथ्य आएंगे वो बताया जाएगा। नरवाल के यार्ड संख्या 7 में धमाके हुए हैं। दोनों धमाकों के बीच 20 मिनट का अंतर था। आगे की जांच की जा रही है|
हम पहले जांच करेंगे और फिर कुछ बता पाएंगे: CRPF
CRPF कमांडेंट कमल सिसोदिया ने बताया कि,' CRPF, आर्मी और जम्मू-कश्मीर पुलिस यहां पर है। हम लोग क्षेत्र को साफ कर रहे हैं। अभी किसी भी प्रकार की जानकारी देना काफी जल्दबाजी होगी। हम पहले जांच करेंगे और फिर कुछ बता पाएंगे|
7 लोग घायल, कुछ की हालत गंभीर
जम्मू के डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बिलावरिया ने कहा,'' मैंने अधिकारियों से पूछा और उन्होंने मुझे बताया कि जांच के बाद ही वे कह पाएंगे कि विस्फोट दुर्घटनावश हुए थे या जानबुझ कर किए गए हैं। बताया गया है 7 लोग घायल हुए हैं, कुछ की हालत गंभीर है। इसमें आतंकवाद का एंगल हो सकता है| बिलावरिया ने कहा,''पहले उन्होंने (आतंकवादियों) राजौरी में कुछ किया। जम्मू-कश्मीर को बदनाम करने के लिए ये कुछ भी कर सकते हैं|
LG ने नरवाल विस्फोटों की कड़ी निंदा की
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू के नरवाल में हुए विस्फोटों की कड़ी निंदा की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उपराज्यपाल को विस्फोट और जांच के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जम्मू-कश्मीर में है और इसके कारण यहां हाई अलर्ट है| यात्रा वर्तमान में जम्मू से 60 किमी से अधिक दूर चडवाल में विराम पर है| गांधी की यात्रा कल शुक्रवार जम्मू और कश्मीर के हिस्से में शुरू हुई और 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त होने वाली है| मार्च में भाग लेने वालों के लिए आज विश्राम का दिन है और यह रविवार जम्मू की ओर फिर से शुरू होगी|