राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी में रविवार (जनवरी 01, 2023 को) आतंकी हमला हो गया है| रविवार की शाम नकाबपोश दो आतंकियों ने LoC से सटे राजोरी जिले के डांगरी गांव में अंधाधुंध फायरिंग की। इसमें चार लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर है। उन्हें एयरलिफ्ट कर जम्मू जीएमसी में भर्ती किया गया है। राजौरी के डांगरी गांव में कल रविवार को हुए आतंकी हमले में 4 नागरिकों की हत्या के बाद इलाके में सुरक्षा कड़ी की गई है।
जम्मू के ADGP मुकेश सिंह ने बताया,''अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक 2 आतंकियों ने 3 घरों को निशाना बनाया था। इसमें 4 लोगों की मृत्यु हुई है। 5 लोग घायल हैं, उनकी स्थिति स्थिर है। तलाश अभियान जारी है। पुलिस, CRPF, आर्मी के जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है|
राजौरी एसोसिएटेड हॉस्पिटल चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महमूद ने बताया,''राजौरी के डांगरी इलाके में फायरिंग की घटना में 4 लोगों की मौत हो गई और 6-7 अन्य घायल हैं। घायलों का इलाज यहां अस्पताल में चल रहा है|
मरने वालों की पहचान दीपक कुमार (23), सतीश कुमार (45) एक्समैन और प्रीतम लाल (56) सभी निवासी डांगरी के रूप में हुई है। एक अन्य व्यक्ति की मौत बाद में अस्पताल में हो गई। टीआरएफ ने हमले की जिम्मेदारी ली है।
डांगरी गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा
राजौरी के डांगरी गांव में सुरक्षा बढ़ाई गई है, सुरक्षा बल क्षेत्र में निगरानी के लिए ड्रोन का संचालन कर रहे हैं। डांगरी गांव में कल हुए आतंकी हमले में 4 नागरिकों की मौत हो गई थी।
चौक में प्रदर्शन जारी
लोगों ने डांगरी गांव में हुए आतंकी हमले में 4 नागरिकों की मौत को लेकर मेन चौक में विरोध-प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह से आतंकी हमले के खिलाफ लोग डांगरी के मुख्य चौक पर शवों को रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों की मांग है कि आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने पीड़ितों के परिवार के उचित मुआवजे की मांग की है। कुछ प्रदर्शनकारी राजोरी जिला उपायुक्त और एसएसपी के तबादले की मांग भी कर रहे हैं।
10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि और एक सरकारी नौकरी
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजौरी में हुए आतंकी हमले की निंदा की है। उपराज्यपाल कार्यालय ने बताया,''हमले में शहीद हुए प्रत्येक नागरिक के निकटतम संबंधी को 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि और एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे'|