राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी के डांगरी गांव में आज सोमवार को संदिग्ध विस्फोट (IED विस्फोट) हुआ है। इस ब्लास्ट में 4 साल के एक बच्चे की मौत हो गई है। विस्फोट में 7 लोग घायल भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। एक की हालत गंभीर है। कल इसी गांव में आतंकियों ने 4 नागरिकों की हत्या कर दी थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के डांगरी गांव का दौरा करेगी|
जिस जगह आज आईईडी ब्लास्ट हुआ है, वहां रविवार की शाम आतंकियों ने चार हिंदुओं की हत्या कर दी थी| आशंका है कि आतंकियों ने घटना को अंजाम देने के बाद विस्फोट वाली जगह पर IED लगाई होगी। जो आज सोमवार ब्लास्ट हुआ| इस ब्लास्ट में 4 साल के विहान कुमार पुत्र सुशील कुमार की मौत हो गई है| 7 लोग घायल हो गए हैं|
घायलों में कनाया शर्मा (14) पुत्र विपन शर्मा; कमलेश देवी (55) पत्नी गोपाल दास; शारदा देवी (38) पत्नी सतनाम; समीक्षा देवी (20) पुत्री कौशल कुमार; समीक्षा शर्मा पुत्र राजकुमार गोधर; वंशु शर्मा (15) पुत्र कौशल कुमार और सान्वी शर्मा (5) पुत्र सुशील कुमार शामिल है|
जम्मू के एडीजीपी मुकेश सिंह ने बताया कि राजौरी जिले के डांगरी गांव में IED विस्फोट में एक बच्चे की मौत हुई है। एडीजीपी मुकेश सिंह ने बताया कि,''राजौरी के डांगरी गांव में कल हुई फायरिंग की घटना में पीड़ित के घर के पास धमाका हुआ। चोट लगने से एक बच्चे की मौत हो गई है, पांच लोग घायल हुए हैं और एक की हालत गंभीर है। एक और संदिग्ध IED देखा गया जिसे हटाया जा रहा है|
ADGP, मुकेश सिंह ने कहा,''इस हमले में 4 लोगों की मृत्यु हुई है और 6 लोग घायल हैं। सभी घायलों की स्थिति सामान्य है। आज सुबह तलाशी के दौरान एक और धमाका हुआ। इस धमाके में एक बच्चे की मृत्यु हुई है और 7 लोग घायल हुए हैं। 2 आतंकियों के होने की जानकारी मिली है। तलाशी अभियान जारी है|
जिन लोगों ने ये कार्रवाई की है, उनको 3-4 दिनों में मार-गिराया जाना चाहिए: पीके सहगल
रक्षा विशेषज्ञ पीके सहगल ने आज सोमवार को कहा,''कल राजौरी के मुस्लिम बहुसंख्यक इलाके में 3 हिंदुओं के घरों पर हमला किया गया। इनका मकसद उस इलाके में हिंदुओं में खौफ पैदा करना था। भारत सरकार को अल्पसंख्यकों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह के इरादे सफल न हों| जिन लोगों ने ये कार्रवाई की है उनको अगले 3-4 दिनों में मार-गिराया जाना चाहिए|
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले की निंदा की
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजौरी में हुए आतंकी हमले की निंदा की है। उपराज्यपाल कार्यालय ने कहा कि''हमले में शहीद हुए प्रत्येक नागरिक के निकटतम संबंधी को 10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि और एक सरकारी नौकरी दी जाएगी। गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपए दिए जाएंगे'|