अनंतनाग: कश्मीरी पंडितों की सुरक्षा का आह्वान करते हुए डेमोक्रेटिक आज़ाद पार्टी (DAP) के अध्यक्ष गुलाम नबी आज़ाद ने सोमवार को कहा कि कश्मीर घाटी में स्थिति में सुधार होने तक उन्हें जम्मू भेजा जाना चाहिए। कश्मीरी पंडितों पर गुलाम नबी आज़ाद ने यह बयान इस साल जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी घटनाओं में वृद्धि और नागरिकों की हत्याओं में वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए दी है|
अनंतनाग में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,''हमारे समय में कश्मीरी पंडितों को कोई छेड़ता नहीं था। अभी के लिए जान ज़्यादा जरूरी है लेकिन तब तक के लिए कश्मीरी पंडितों को जम्मू भेजना चाहिए। गुलाम नबी आज़ाद ने कहा,'अभी नौकरी ज़्यादा जरूरी है या जान? अगर हमारी सरकार आएगी तो हम यही करेंगे|
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि दुर्भाग्य से कुछ घटनाएं हो गई हैं। जीवन प्राथमिकता में है और इसलिये मेरी राय है कि कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को जम्मू में सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाये। स्थिति में सुधार होने के बाद उनलोगों को वापस लौटना चाहिये।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि,''जीवन रोजगार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है| उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि सरकार का रुख क्या है, लेकिन अगर हमारी पार्टी सत्ता में आती है तो हम ऐसा (अस्थायी तौर पर कर्मचारियों को जम्मू स्थानांतरित) करेंगे।
जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने में देरी के बारे में पूछे जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पिछले छह साल से इंतजार कर रहे हैं। मैंने संसद में भी कई बार इस मुद्दे को उठाया। वे हमें पंचायत चुनाव या डीडीसी चुनाव दिखाते हैं, लेकिन असली चुनाव विधानसभा का होता है, जो नहीं हो रहा है।