जहानाबाद: बिहार में रेलवे भर्ती बोर्ड की एनटीपीसी परीक्षा में धांधली के विरोध में आज भी छात्रों का प्रदर्शन जारी हैं| जहानाबाद में रेल भर्ती में अनियमितताएं को लेकर छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर ट्रन रोकी। एक छात्र ने बताया, “परीक्षा के नतीज़ों में काफी अनियमितताएं हैं। एक-एक परीक्षार्थी को 4 अलग-अलग पोस्ट के लिए चयनित किया गया है। अब इससे जो वैकेंसी होगी उसको कैसे भरा जाएगा?”
बिहार में रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड ने RRB NTPC CBT 2 और Group D CBT 1 परीक्षा में धांधली का आरोप लगाकर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी है|
बिहार के कई हिस्सों पटना, नवादा बक्सर और आरा में पुरजोर प्रदर्शन करने के बाद जहानाबाद में भी छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर ट्रन रोकी| सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने 26 जनवरी की सुबह से रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया| इस दौरान गणतंत्र दिवस के मौके पर छात्रों ने ट्रैक पर हाथ में तिरंगा लेकर राष्ट्रगान गाया|
छात्रों के आंदोलन से जनशताब्दी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है| प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और साथ ही परीक्षा परिणाम को रद्द किया जाए| आंदोलन में शामिल छात्रों का कहना है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो आंदोलन और तेज होगा| छात्रों के रेलवे ट्रैक पर उतरने से पटना हटिया जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द करना पड़ा, वहीं कई पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन तकरीबन दो घंटे से बाधित है|
छात्रों के समर्थन में उतरे थे राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ओर से आयोजित परीक्षा की प्रक्रिया का विरोध कर रहे युवाओं का समर्थन करते हुए बुधवार को कहा कि अधिकारों के लिए आवाज उठाने को हर नौजवान आजाद है| उन्होंने बिहार में एक ट्रेन रोककर राष्ट्रगान गा रहे युवाओं का एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘अधिकारों के लिए आवाज़ उठाने को हर नौजवान स्वतंत्र है, जो भूल गए हैं, उन्हें याद दिला दो कि भारत लोकतंत्र है, गणतंत्र था, गणतंत्र है!’’