कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार, 07 नवंबर, 2022 को पान मसाला फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगने से फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। आग इतनी तेज फैली की 20 मिनट में भी पूरी फैक्ट्री में फैल गई। परिसर में खड़ी गाड़ियां भी धूं-धूंकर जलने लगीं। सूचना पर पहुंची दमकल की 5 गाड़ियों ने 2 घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्वरूप नगर निवासी नवीन कुरेले की पनकी इंडस्ट्रियल एरिया साइट नंबर वन में एसएनके नाम से पान मसाला फैक्ट्री है। सोमवार की सुबह फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट होने के चलते अचानक आग लग गई। लपटें उठती देखकर फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी गेट से बाहर दौड़ पड़े।
सूचना पर पहुंची द फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने सबसे पहले आसपास की फैक्ट्रियों को सुरक्षित किया। इसके बाद आग पर कड़ी मशक्कत से काबू पा लिया। इसके चलते एक बड़ा हादसा टल गया। अग्निकांड के दौरान फैक्ट्री के अंदर और बाहर मौजूद करीब 7 ''टू और फोर व्हीलर'' भी जलकर खाक हो गए।
अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने कहा," दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग अब नियंत्रण में है। किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है।"