कोलकाता: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंच चुके हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा मालदा में रोड शो किया। उन्होंने सबसे पहले जनता को संबोधित किया और ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। रोड शो के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि बंगाल में टोलाबाजी, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और तानाशाही के दिन पूरे हो चुके हैं। बंगाल की जनता फिर एक बार सोनार बांग्ला बनाने के लिए तत्पर है।
उन्होंने कहा कि,''जिस बड़ी संख्या में आप सब लोग आएं हैं, जो गर्मजोशी आपने दिखाई है और ये रोड शो जिसमें ये जनसैलाब उमड़ा है, ये बताता है कि बंगाल की जनता ने तय कर लिया है कि ममता जी का जाना तय है और भाजपा का आना तय है। जो हर्षोल्लास मैं देख रहा हूं वो बताता है कि मोदी जी के काम जो उन्होंने किये हैं और जो उन्होंने बंगाल को देने का प्रयास किया है, जिसे ममता जी ने रोकने का काम किया है। उससे यहां की जनता त्रस्त और दुःखी है।
जेपी नड्डा ने कहा कि,''पीएम मोदी जी ने देश के करीब 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत सालाना 6-6 हजार रुपये देने की शुरुआत की। लेकिन बंगाल की जनता इससे वंचित है। यहां के करीब 70 लाख किसानों की अभी तक इस योजना के 14-14 हजार रुपये ममता जी ने नहीं मिलने दिये।
इससे पहले मालदा में रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि,''बंगाल में ममता दीदी ने किसानों के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है। PM ने किसान सम्मान निधि के तहत एक साल में 6,000 रुपए किसानों के सम्मान के लिए देने का फैसला किया था। लेकिन ममता दीदी ने अपनी जिद के कारण इसे बंगाल में लागू नहीं होने दिया| आज जब बंगाल के करीब 25 लाख किसानों ने केंद्र सरकार को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिए अर्जी भेजी, तो ममता जी कहती हैं कि मैं भी योजना लागू करूंगी। ममता जी अब चुनाव आ गए हैं। अब पछताए होत क्या, जब चिड़िया चुग गई खेत|