नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कुरुक्षेत्र के पवित्र ब्रह्म सरोवर पर आरती की। राहुल गांधी ने करनाल से कुरुक्षेत्र के लिए सुबह करीब सात बजे यात्रा शुरू कर दी। रात को यह यात्रा कुरुक्षेत्र में संपन्न हुई। यहां राहुल गांधी ने ब्रह्मसरोवर पर महाआरती की। इस दौरान उनके साथ हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा समेत कांग्रेस के अन्य नेता भी रहे।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से फोटो शेयर करते हुए ट्वीट किया,''जय कुरुक्षेत्र धरा, जय-जय कुरुक्षेत्र धरा समता प्रेम के जल से, जहां ब्रह्म सरोवर भरा आज Rahul Gandhi जी ने कुरुक्षेत्र के पवित्र ब्रह्म सरोवर पर संध्या आरती कर ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कांग्रेस ने ने एक अन्य ट्वीट में लिखा,''आज Bharat Jodo Yatra के दौरान Rahul Gandhi जी ने कुरुक्षेत्र के पवित्र ब्रह्म सरोवर पर पूजा-अर्चना कर देश में प्रेम और सौहार्द्र की कामना की।
इससे पहले, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी आज शाम साढ़े पाँच बजे कुरुक्षेत्र में विजय अग्रवाल के घर पर पहुंचे। वह करीब आधा घंटा तक वहां रुके। विजय अग्रवाल व उनकी पत्नी नीतू अग्रवाल ने कहा कि अचानक हम खुशी से घबरा गए, हम बहुत खुशी में झूम उठे। राहुल गांधी ने उनका और बच्चों का हालचाल जाना|