लखनऊ में पुलिस ने पत्नी और चार बेटियों समेत अपने परिवार के पांच लोगों की हत्या करने के एक आरोपी बदरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चारबाग इलाके में होटल शरणजीत में 31 दिसंबर को अपने बेटे अरशद की मदद से अपने परिवार की हत्या करने वाले बदरुद्दीन उर्फ बदर को सोमवार को पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने जहरीला पदार्थ खाने की भी कोशिश की, लेकिन तत्काल चिकित्सा सहायता के बाद वह सुरक्षित है।
कथित तौर पर पिता-पुत्र के हाथों मारे गए लोगों में बदर की पत्नी आसमां (49) और उसकी बेटियां आलिया (9), अलशिया (19), अक्सा (16) और रहमीन (18) शामिल हैं।
अरशद ने अपने गृहनगर आगरा में अपने समुदाय के कुछ स्थानीय लोगों द्वारा भूमि विवाद को लेकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था, जिसके कारण क्षुब्ध होकर उसने अपराध करने का दावा किया था।
पांच हत्याओं का मामला एक जनवरी को सामने आने के तुरंत बाद आरोपी मोहम्मद अरशद को गिरफ्तार कर लिया गया था।