सीतापुर छतौनी निवासी प्रिंस ने बताया कि भाई अमित (18) चिनहट के अमराई गांव में रहकर ईंट भट्ठा पर मजदूरी करता था।
मंगलवार को वह ड्राइवर संतोष के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ईंट लादकर बाराबंकी के सफेदाबाद जा रहा था। जैसे ही वे बीबीडी विश्वविद्यालय के पास पहुंचे,
तभी पीछे से आ रहा बालू लदा ट्रक ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गया।
टक्कर से अमित अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दबकर अमित की मौत हो गई।
वहीं, ड्राइवर संतोष घायल हो गया। घटना देख राहगीर दौड़े तो चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने संतोष को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
इंस्पेक्टर बीबीडी अजय नारायण सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश की जा रही है।