लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि गाजियाबाद के मुरादनगर कस्बे में लिंटर गिरने से हुए हादसे में 18 लोगों की मौत और 20 से ज्यादा के गम्भीर घायल होने की दुर्घटना हृदय विदारक है। उन्होंने मृतक आश्रितों से शोक संवेदना व्यक्त की है।
अखिलेश यादव ने कहा कि,''मुरादनगर के श्मसान घाट में गैलरी की छत गिरने से यह दुर्घटना होना स्थानीय प्रशासन की लापरवाही भी जाहिर करती है। घटना के दोषियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने ट्वीट किया,'' उप्र के ग़ाज़ियाबाद के मुरादनगर में श्मशान घाट की छत गिरने से अब तक 17 लोगों की मौत, एक बेहद दुखद हादसा है। श्रद्धांजलि! सरकार इसकी उच्च स्तरीय जाँच करवाए और मृतकों के परिवारों को 25 लाख का मुआवज़ा दे।
अखिलेश यादव ने कहा कि,''भाजपा सरकार निरर्थक बहसबाजी में देश को न उलझाए और सामने आकर किसान आंदोलन में लगातार बढ़ती किसानों की मृत्यु व आत्महत्या पर सार्थक बहस करे, साथ ही आज मुरादनगर श्मशान घाट हादसे में मरने वाले उन लोगों की भी ज़िम्मेदारी ले जो भाजपा सरकार के भ्रष्टाचारी निर्माण की भेंट चढ़ गए हैं।
बता दें कि,''आज सुबह दिल्ली से सटे गाजियाबाद के मुरादनगर में रविवार को बारिश की वजह से श्मशान घाट की छत गिरने से एक बड़ा हादसा हुआ है| इसकी चपेट में कई लोग आ गए हैं| ताजा जानकारी मिलने तक इस हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई है| हादसे में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है| अब तक 38 लोग मलबे से निकाले जा चुके हैं| फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है|