लखनऊ: उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,'किसान कल्याण तथा किसानों की आमदनी दोगुनी करने के उद्देश्य से जनवरी, 2021 के प्रथम सप्ताह में ‘किसान कल्याण मिशन’ का शुभारम्भ किया जाएगा| उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक में किसान कल्याण मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से किसान कल्याण तथा कृषकों की आय दोगुना करने का अभियान 06 जनवरी, 2021 से प्रारम्भ होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा,''किसान कल्याण मिशन के तहत प्रत्येक विकास खण्ड में गोष्ठी/प्रदर्शनी/मेले का आयोजन 6 जनवरी से शुरू कर अगले 3 सप्ताह में किया जाए। ,'हर बुधवार को जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों से आच्छादित होने वाले विधानसभा क्षेत्रों में एक विकास खण्ड में इसका आयोजन किया जाए| उन्होंने कहा,''यह क्रम तब तक चलता रहेगा, जब तक सारे विकास खण्ड आच्छादित नहीं हो जाते। माइक्रोप्लानिंग करते हुए अन्तर्विभागीय समन्वय से किसान कल्याण मिशन का कार्यान्वयन किया जाए|
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, प्रदेश के प्रत्येक विकास खण्ड पर कृषि व किसान कल्याण पर केन्द्रित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस सम्बन्ध में शासन द्वारा जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही करते हुए किसानों को लाभान्वित किया जाए|