लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया। कृष्णानगर थाने के विजयनगर इलाके में सरेशाम बाइक सवार बदमाशों ने ठेकेदार महेंद्र प्रताप की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। कृष्णानगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर रविवार शाम करीब 5.20 बजे बाइक सवार बदमाशों ने ठेकेदार धर्मेंद्र प्रताप (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद फायरिंग करते हुए भाग निकले।
ठेकेदार की हत्या की सूचना पर डीसीपी सेंट्रल डा. ख्याति गर्ग और इंस्पेक्टर कृष्णानगर आलोक राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जायजा लिया ।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है। वहीं वारदात के बाद गेटेड कालोनी में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों में कैद हो गये।
थाना कृष्णानगर के विजयनगर में युवक की हत्या के प्रकरण के सम्बन्ध में DCP ख्याती गर्ग ने बताया, "मामले की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पुलिस तुरंत पहुंची। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उनकी मृत्यु हो गई। मामले की जांच की जा रही है।" फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। सर्विलांस और क्राइम ब्रांच समेत कई टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं।
विजयनगर में अनिल शुक्ला का मकान है। उन्होंने कुछ दिन पहले असलम नाम के ठेकेदार को मकान तोड़वाने का ठेका दिया था। इंस्पेक्टर कृष्णानगर के मुताबिक महेंद्र हरदोई रोड बसंतकुंज योजना के पीरनगर के रहने वाले थे। रविवार शाम असलम के साथी महेंद्र प्रताप मकान तोड़वा रहे थे। साइट पर मजदूर भी लगे थे। महेंद्र देखरेख कर रहे थे। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। उन्होंने महेंद्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और भाग निकले। सिर में गोली लगने से महेंद्र मौके पर ही गिर पड़े। उन्हें लोकबंधु ले जाया गया। वहां, डाक्टरों ने महेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी कृष्णानगर पंकज श्रीवास्तव के मुताबिक छानबीन के दौरान पुलिस को ठेकेदार महेंद्र प्रताप के दो अलग-अलग पते के आधार कार्ड मिले हैं। एक आधार कार्ड पर काकोरी का पता था, जबकि दूसरे आधार कार्ड पर सआदतगंज हाता नूर बेग का पता लिखा है। दो पते देखकर एक बार पुलिस परेशान हो गई। इसके बाद पड़ताल शुरू की तो पता चला कि महेंद्र मूलरूप से काकोरी के बसंतकुंज का रहने वाला है। वर्तमान में सआदतगंज में परिवार सहित रहता है। महेंद्र के परिवार में पत्नी मीना जैसवाल, तीन बच्चे विक्की, राकेश और पंकज हैं व बहू हैं। एसीपी के मुताबिक परिवारीजनों से बात हुई थी। बेटे ने कहा कि तीन साल से परिवार से दूर रहते थे। कभी कभी आना था। गाजीपुर में भी एक आवास बनवा रखा है। जहां वह अक्सर वहीं रूकता था। पुलिस हर पहलुओं पर जांच कर रही है।
एसीपी के मुताबिक वारदात स्थल के पास एक अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरा लगा है। जिसमें बाइक सवार हमलावरों की तस्वीरें मिली है। हमलावर सुपर स्पलेंडर बाइक से थे। एक हमलावर नीली जैकेट व पीली पैंट पहने था। बाइक चला रहे इस हमलावर ने हेलमेट पहन रखी थी। वहीं पीछे बैठे हमलावर ने नीली जींस और गाजरी रंग का जैकेट पहना था। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरो की तलाश कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही उनके वारदात स्थल तक पहुंचने व वहां से निकलने का रूट चार्ट तैयार कर रही है। वहीं फोरेंसिक व सर्विलांस टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लग गई है। पुलिस को मौके से दो कारतूस, एक खोखा, एक पर्स और एक मोबाइल फोन मिला है। पुलिस को आशंका है कि मोबाइल मृतक महेंद्र का है जो फिलहाल लॉक है। पुलिस लॉक खुलवाने केलिए विशेषज्ञों से संपर्क कर रही है।