लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में जिला अस्पताल में रोजाना कई मौतें हो रही हैं। मरने वालों में कोविड और सस्पेक्टेड कोविड दोनों तरह के लोग हैं। आठ मौतें तो शुक्रवार की शाम से शनिवार की सुबह तक ही हो गईं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक बीते करीब 15 दिन के भीतर ही यहां 100 के करीब मौत हो चुकी हैं, लेकिन अधिकारिक आंकड़ों में इनमें से एक भी मौत दर्ज नहीं हुई है। डेड बॉडी मैनेजमेंट टीम के नोडल ने इस बारे में सीएमएस व अन्य से जानकारी को कहकर पल्ला झाड़ लिया तो वहीं सीएमएस ने मौत होना तो स्वीकार किया, लेकिन डाटा एंट्री ऑपरेटर न होने से पोर्टल पर न चढ़ पाने की बात कही।
मौत के आंकड़ें छुपाने को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा है और कहा,' उत्तर प्रदेश सरकार ये बड़ी भूल कर रही है। आंकड़े छिपाने से थोड़ी देर के लिए इमेज तो बची रहती है, लेकिन असल जमीनी स्थिति पता नहीं चल पाती।
सोशल मीडिया पर खबर को शेयर करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा,''उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में केवल आंकड़ें छुपाने का खेल चल रहा है। खबरों के अनुसार बिजनौर में कोरोना से 15 दिन में लगभग 100 लोगों की मृत्यु हो गई, लेकिन सरकारी आंकड़े 0 मौत दिखा रहे हैं। सरकार ये बड़ी भूल कर रही है। आंकड़े छिपाने से थोड़ी देर के लिए इमेज तो बची रहती है, लेकिन असल जमीनी स्थिति पता नहीं चल पाती।
प्रियंका गांधी ने कहा,'''आज मुख्यमंत्री जी वाराणसी में फिर बोले सब ठीक - ठाक है। सच्चाई गांव के लोगों को मालूम है। जहां न तो टेस्ट हो रहे हैं, न इलाज है। लोगों की मौतें होती जा रही हैं। लेकिन झूठ की बुनियाद पर खड़ी सरकार सच्चाई झुठलाना चाहती है।