मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर में लहसुन की फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने से एक किसान नाराज हो गया| नाराज किसान ने अपनी लहसुन की उपज में आग लगा दी। किसान ने लहसुन की फसल के उचित दाम नहीं मिलने पर मंदसौर कृषि उपज मंडी में अपनी एक क्विंटल लहसुन में आग लगाई। बताया जाता है कि यह किसान लहसुन की फसल को लेकर मंडी में बेचने आया था। यहां पर जब उसे मनमुताबिक दाम नहीं मिला तो किसान ने गुस्से में आकर बाइक से पेट्रोल निकाला और लहसुन में आग लगा दी।
पूरे मामले में मंदसौर कृषि उपज मंडी प्रशासन ने घटना की सूचना मंदसौर वायडी नगर थाना पुलिस को दी है। पुलिस ने किसान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यशोधर्मन नगर के थाना प्रभारी जितेंद्र पाठक ने बताया, "आसपास किसी की फसल को नुकसान नहीं हुआ है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।"
जानकारी के अनुसार उज्जैन जिले के महिदपुर तहसील के गांव देवली निवासी किसान शंकर अपनी लहसुन की फसल लेकर मंदसौर कृषि उपज मंडी पहुंचा था। जहां उसे लहसुन का भाव अच्छा नहीं मिला| लहसुन का दाम कम सुनकर किसान शंकर नाराज हो गया, नाराज किसान ने मंडी में खड़ी एक बाइक से पेट्रोल निकालकर अपने डेढ़ क्विंटल लहसुन के ढेर पर छिड़क दिया। इसके बाद उसमें आग लगा दी।
किसान का कहना है कि उसने अपनी लहसुन की खेती में करीब ढाई लाख की लागत लगाई है, लेकिन उसे डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। किसान शंकर का कहना है कि उसे अपनी उपज का लागत के हिसाब से तो दाम मिलना ही चाहिए था।