मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिनदहाड़े 3 बदमाशों ने एक व्यापारी से तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगलपांडे नगर में ओम धर्म कांटे पर बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार 3 बदमाशों ने 3.20 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायर किया और उसके बाद नकदी लूटकर फरार हो गए। मौके पर मेडिकल पुलिस के अलावा स्वाट टीम भी पहुंची और जांच में जुट गई।
पुलिस ने पीड़ित व्यापारी से भी पूछताछ की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पीड़ित ने मेडिकल थाने में लूट की तहरीर दी है। SSP मेरठ प्रभाकर चौधरी ने कहा, “लूट की सूचना मिली थी। बदमाशों ने दुकान से करीब 3 लाख रुपये लूटे। दुकान मालिक ने पुराने नौकर का नाम लिया है। FIR दर्ज़ कर कार्रवाई जारी है।”
यह है पूरा मामला
मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार के रहने वाले उमेश अग्रवाल पुत्र राकेश कुमार अग्रवाल का मंगलपांडे नगर में धर्मकांटा है। बृहस्पतिवार को वह अपने धर्मकांटे के पास ऑफिस में थे। उमेश अपने साथ 3.60 लाख रुपये लेकर आये थे। उन्होंने उसे ड्रोज में रखा। करीब 6:15 पर एक ट्रक चालक वहां आया और उन्होंने उसे 40 हजार का पेमेंट कर दिया।
तभी काले रंग की बाइक पर दो बदमाश पिस्टल से फायरिंग करते हुए आए और ऑफिस में घुस गए। जहां दोनों बदमाशों ने ड्रावर में रखे 3 लाख 20 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित व्यापारी ने विरोध किया तो गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश भाग गए।
बदमाशों का कोई सुराग नहीं
घटना के बाद बदमाशों को कोई सुराग नहीं मिला सूचना पर सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह और इंस्पेक्टर मेडिकल संत सरण सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना कि जानकारी ली। पुलिस ने कई जगह सीसीटीवी कैमरे भी देखे, लेकिन फुटेज मे भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।