कोतवाली थाना क्षेत्र के कंजरी सराय में रहने वाले थर्माकोल व्यापारी ने पंद्रह दिन पहले सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पीएसी तिराहे पर फड़ लगाकर शक्तिवर्धक दवा बेचने वाले से दवा ली थी।
वैद्य ने पहले साढ़े चार हजार की दवा दी फिर सीधे चालीस हजार की। फायदा नहीं होने की बात पर वैद्य ने फिर अस्सी हजार रुपये की दवा और फिर अस्सी हजार रुपये का तेल दिया था।
बताते हैं कि तमाम दवाओं के इस्तेमाल के बाद भी व्यापारी की सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ। व्यापारी को ठगी का अहसास हुआ और आक्रोशित होकर वैद्य के फड़ पर पहुंच गया।
उसने वैद्य से नाराजगी जताते हुए हमला कर दिया। व्यापारी ने वैद्य का गिरेबान पकड़कर थप्पड़ और घूंसों से पिटाई की और खींचता हुआ अपनी कार तक ले आया और कार से अपने घर ले गया।
वैद्य के पुलिस को सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंच गई। इस दौरान व्यापारी की पत्नी और पुत्र भी मौके पर आ गए थे।
पत्नी ने बताया कि वैद्य साढ़े चार लाख रुपये ठग चुका है और डेढ़ लाख रुपये और मांग रहा है। उनके पति वैद्य को हिसाब किताब समझाने के लिए घर लेकर आए थे।
कोतवाली पुलिस कंजरी सराय में व्यापारी के आवास से वैद्य को लेकर आयी और मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र का होने पर सिविल लाइंस थाने भेज दिया गया।
सिविल लाइंस थाने पर पुलिस के सामने व्यापारी ने ठगे जाने का आरोप लगाया तो वैद्य ने मारपीट और अगवा करने का आरोप लगाया।
इस दौरान राजनीतिज्ञ भी सक्रिय हो गए और व्यापारी की पैरोकारी करने लगे। थाना प्रभारी सिविल लाइंस मनीष सक्सेना का कहना है कि यह मामला बुधवार को आया था जिसमें दोनों पक्षों में थाने में समझौता हो गया।