मुंबई: जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती के तिरंगे को न उठाने और अनुच्छेद 370 को वापस लाने के बयान पर देश में सियासत गरमा गई है। शिवसेना के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने महबूबा मुफ्ती के बयान की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि ये राष्ट्रद्रोह है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, महबूबा मुफ्ती, फारूक अब्दुल्ला और एक पार्टी अगर चीन की मदद से जम्मू-कश्मीर में धारा 370 फिर से लागू करना चाहते हैं तो मुझे लगता है कि केंद्र सरकार को बहुत ही कठोर कदम उठाने चाहिए|
संजय राउत ने कहा,'भाजपा के चार कार्यकर्ता श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा लहराने गए थे, पुलिस उन्हें पकड़ कर पुलिस स्टेशन ले गई। अगर कोई लाल चौक, श्रीनगर या कश्मीर में तिरंगा लहराने की कोशिश करता है तो उसे रोकने के प्रयास को मैं राष्ट्रद्रोह मानता हूं|
वहीं, जब संजय राउत से पूछा गया कि क्या केंद्र सरकार को यूनिफॉर्म सिविल कोड लाना चाहिए तो उन्होंने कहा, हमने पहले भी कहा है कि देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होना चाहिए। अगर सरकार ऐसा कुछ करती है, तो हम इस बारे में निर्णय लेंगे।