नालंदा: बिहार के नालंदा जिले में अब तक जहरीली शराब पीने से अब तक 11 लोगों की मौत हो गई| नालंदा के डीएम शशांक शुभंकर ने इन मौतों की पुष्टि की है। नालंदा के ज़िलाधिकारी ने कहा,'' 14 तारीख को अवैध शराब पीने की बात सामने आई और 15 तारीख से लोगों की तबीयत खराब होनी शुरू हुई। अब तक 11 लोगों की मृत्यु हुई है। 5 लोग गिरफ़्तार हुए हैं। प्रथम दृष्टि और डॉक्टर की रिपोर्ट आने पर लग रहा है कि उन्होंने अवैध शराब का सेवन किया है| फाइनल पुष्टि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बार करेंगे।
नालंदा के ज़िलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा,' पूरे ज़िले में हमने अब तक 184 लीटर चुलाई शराब और 225 लीटर विदेशी शराब ज़ब्त की और 34 लोगों को गिरफ़्तार किया है। जो लोग इस इलाके में अवैध व्यापार करते हैं उन्हें चिन्हित कर रहे हैं|
यह घटना जिले के सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी और पहाड़ तल्ली मोहल्ला की है। नालंदा जिले के सोहसराय थाना इलाके के छोटी पहाड़ी और पहाड़ तल्ली मोहल्ला में संदेहास्पद स्थिति में एक साथ 11 लोगों की मौत हो गईहैं। सभी मृतकों के परिजन शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत की बात बता रहे हैं। मरने वालों में भागो मिस्त्री (55), मन्ना मिस्त्री (55), सुनिल कुमार (24), धर्मेंद्र उर्फ नागेश्वर (50), अर्जुन पंडित (51), कालीचरण (50), राजेश कुमार (42), रामपाल शर्मा और मानपुर थाना क्षेत्र के प्रभु विगहा गांव के रामरूप चौहान (45) व शिवजी चौहान (45) शामिल है। वहीं, सोहसराय थाना क्षेत्र के छोटी पहाड़ी निवासी ऋषि कुमार की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
राज्य में शराबबंदी कानून विफल साबित हुई
बता दें कि शराबबंदी मामले पर बिहार भाजपा के रुख से एक बार फिर सत्तारूढ़ गठबंधन में असहज स्थितियां पैदा हो गई हैं। बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल ने एक बार फिर कहा है कि राज्य में शराबबंदी कानून विफल साबित हुआ है। जायसवाल यहीं नहीं रुके उन्होंने यहां तक कह दिया कि इस कानून की आड़ में पुलिस लोगों का शोषण कर रही है।
इस बयान के बाद गठबंधन में शामिल जदयू के सामने असहज स्थिति पैदा हो गई। जदयू के कई नेताओं ने एक साथ भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जदयू प्रवक्ता अभिषेक झा ने तो यहां तक कह दिया कि भाजपा अध्यक्ष शराब माफिया के पक्ष में हैं। इसके तुरंत बाद भाजपा की तरफ से भी पलटवार होने लगे। विपक्ष ने इस पर चुटकी ली है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने कहा है कि 'तू-तू-मैं-मैं का मतलब है भाजपा-जदयू गठबंधन'।
शराब से हो रही मौतों के लिए भाजपा भी समान रूप से जिम्मेवार
राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने कहा है कि शराब की वजह से बिहार में चल रहे मौत के तांडव के लिए जदयू के साथ-साथ भाजपा एवं एनडीए के अन्य घटक भी समान रूप से जिम्मेवार हैं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति के अहम और जिद्द की वजह से विधवा होने वाली औरतें और अनाथ होने वाले बच्चों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। और इसके लिए सरकार में शामिल भाजपा समान रूप से जिम्मेवार है। शराबबंदी पर सरकार के दोहरे मापदंड और अदूरदर्शी नीतियों के कारण ही सरकार के मुखिया के गृह जिला में ही 10 (से अधिक) लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
बता दें कि इससे पहले भी बिहार में जहरीली शराब पीने से कई मौतें हो चुकी हैं। पिछले साल दीपावली के एक दिन पहले ही बिहार में कई लोगों की मौत हुई, इसके बाद से सिवान, गोपालगंज, बेतिया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर जैसे जिलों से मौत की खबरें सामने आने लगीं। आंकड़ों के अनुसार महज छह दिन के अंदर ही राज्य में जहरीली शराब से 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।