नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-11 में शुक्रवार देर शाम एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोगों के दबे होने की आशंका है। अभी तक 4 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसा सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-11 में हुआ है। मृतकों की पहचान ठेकेदार जैनेंद्र और मजदूर गोपी के रूप में हुई है। दोनों कानपुर देहात के रहने वाले थे और रिश्तेदार भी लगते थे। घायलों में लोनी का सागर और बागपत छपरौली का राहुल शामिल है।
नोएडा पुलिस ने बताया कि,''नोएडा सैक्टर-11 में इमारत गिरने की घटना में कुल 5 व्यक्तियों को रेस्क्यू किया गया था। जिनमें से 2 व्यक्तियों को मृत घोषित किया गया है। 3 व्यक्ति खतरे से बाहर हैं, उनका उपचार चल रहा है|
नोएडा में इमारत गिरने की घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने नोएडा पुलिस कमिश्नर को मौके पर पहुंचने का निर्देश भी जारी किया है। फिलहाल एनडीआरएफ की टीम राहत व बचाव कार्य में जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में भवन के ध्वस्त होने की घटना का संज्ञान लेते हुए नोएडा पुलिस आयुक्त को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत पहुंचाने, घायलों का उपचार कराने तथा NDRF को तत्काल बुलाकर उनकी सहायता लेने के भी निर्देश दिए| मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि घायलों का समुचित उपचार हो।