पटना:कोरोना महामारी के बीच शुक्रवार को बिहार विधानसभा के लिए चुनावों की तारीखों का एलान हो गया है। चुनाव से पहले बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की जनता से बड़ा वादा किया|तेजस्वी यादव का कहना है कि अगर उनकी सरकार बनी तो पहली कैबिनेट में पहली क़लम से बिहार के 10 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी, साढ़े 4 लाख रिक्तियाँ पहले से हैं और साढ़े 5 लाख की सख़्त ज़रूरत है|
तेजस्वी यादव ने रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरते हुए वादा किया कि अगर बिहार के लोग उनकी पार्टी को मौका देते है, तब सरकार बनने के दो महीने के अंदर 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि,'5 अगस्त को हमने बेरोज़गारी का पोर्टल और एक टोल फ्री या मिस्ड कॉल नंबर जारी किया था उस बेरोज़गारी हटाओ पोर्टल में लगभग 9,47,324 बेरोज़गार युवा ने अपने बायोडाटा के साथ पंजीकृत किया है। वहीं मिस्ड कॉल नंबर पर 13,11,626 लोगों ने मिस्ड कॉल करके पंजीकृत किया|
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि,'मैं बिहार के युवाओं से कहना चाहता हूं कि जब RJD को मौका मिलेगा और जब सरकार बनेगी तो जो पहली कैबिनेट बैठक होगी उसमें पहले हस्ताक्षर से लगभग 10 लाख नौकरियां निकाली जाएगीं, ये हमारा वादा नहीं है बल्कि मज़बूत इरादा है|
उन्होंने कहा कि,''पहली कैबिनेट में पहली कलम से बिहार के 10 लाख युवाओं को नौकरी देंगे। बिहार में 4 लाख 50 हज़ार रिक्तियाँ पहले से ही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, गृह विभाग सहित अन्य विभागों में राष्ट्रीय औसत के मानकों के हिसाब से बिहार में अभी 5 लाख 50 हज़ार नियुक्तियों की अत्यंत आवश्यकता है।