पटना: बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने आज (शनिवार को) कहा कि,'' बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य को संभाल नहीं पा रहे हैं, बिहार के लिए दुर्भाग्य हो गए हैं नीतीश कुमार...राज्य में हालात ठीक नहीं हैं और जब कोर्ट परिसर के अंदर गोलीबारी हो रही है तो राज्य में कानून व्यवस्था सख्त कैसे है...नीतीश कुमार को तुरंत इस्तीफ़ा देना चाहिए.
दरअसल, समस्तीपुर कोर्ट परिसर में शनिवार दोपहर को बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान पेशी के लिए लाए गए दो कैदी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी विनय तिवारी के साथ साथ सदर डीएसपी संजय पांडे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। इस घटना में शराब मामले में जेल में बंद कैदी प्रभात चौधरी और प्रभात तिवारी को गोली लगी। कैदी प्रभात चौधरी को दो गोली लगी है, एक कंधे पर दूसरी जांघ पर। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शराब मामले में जेल में बंद प्रभात चौधरी को पेशी के लिए कोर्ट के मुख्य भवन की ओर ले जाया जा रहा था। तभी तीन लोगों ने उसपर गोलियां चलानी शुरू कर दी। घटना के बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग करने के बाद तीनों बदमाश फरार हो गया।
समस्तीपुर SP विनय तिवारी ने कहा कि,'' कुछ दिन पहले ही समस्तीपुर कोर्ट परिसर में माफिया प्रभात चौधरी को 6 महीने के लगातार प्रयास और निगरानी तथा तकनीकी टीम की मदद से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उनके मामले की सुनवाई चल रही थी और वह वहीं मौजूद थे तभी 4 बदमाश आए और उनके पैर में गोली मार दी। उनकी हालत स्थिर है और उन्हें कोई बड़ी चोट नहीं आई है। घटना में एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी है...हम उन बदमाशों की तलाश कर रहे हैं और कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.