पटना: जनता दल(यूनाइटेड) से निष्कासित श्याम रजक ने RJD का दामन थाम लिया| तेजस्वी यादव की मौजूदगी में जनता दल(यूनाइटेड) से निष्कासित श्याम रजक राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए।बिहार के पूर्व मंत्री श्याम रजक की नौ साल बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में वापसी हो गई है। श्याम रजक को तेजस्वी यादव ने सोमवार को राजद की सदस्यता दिलाई।
राजद नेता तेजस्वी ने कहा कि,'श्याम रजक जी अपने पुराने और असली घर में आए इसकी हम सब लोगों को खुशी है। तेजस्वी यादव ने कहा कि,' एक बात स्पष्ट है कि जनता दल यूनाइटेड हो या डबल इंजन की सरकार हो, जिस प्रकार से सरकार चल रही है उसमें जनप्रतिनिधियों का कोई महत्व और सम्मान नहीं रह गया है|
श्याम रजक ने कहा कि उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई कभी नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आज बडे बयान दिए जाते हैं, लेकिन बिहार में कहीं कुछ नहीं हुआ है। उन्होंने अपने घर में फिर से वापसी पर खुशी जताते हुए कहा कि बिहार में आज दलितों के साथ धोखा हो रहा है।
बता दें कि रविवार की शाम को बिहार सरकार में मंत्री श्याम रजक को जनता दल (यूनाईटेड) पार्टी से निष्कासित कर दिया था| उसके बाद दलित नेता श्याम रजक को नीतीश मंत्रिमंडल में उद्योग मंत्री के पद से हटाया गया था।
गौरतलब है कि,इससे पहले बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल (युनाइटेड) के नेता और राज्य के उद्योग मंत्री श्याम रजक जद (यू) छोड़कर फिर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल होने का ऐलान किया था|