पटना: बिहार की एनडीए सरकार में लंबे अरसे से उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे सुशील मोदी को अब केंद्र सरकार की कैबिनेट में नई जिम्मेदारी दी जा रही है| उनकी जगह बिहार के अगले उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद होंगे| तारकिशोर प्रसाद कटिहार से बीजेपी के विधायक चुने गए हैं|
तारकिशोर प्रसाद को रविवार को भाजपा विधानमंडल दल का नेता सर्वसम्मति से चुना गया हैं| रेणु देवी भाजपा विधायक दल की उपनेता चुनी गई| भाजपा बिहार के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘‘ भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने पर तारकिशोर प्रसाद और उपनेता चुने जाने पर रेणु देवी को बहुत-बहुत बधाई।’
भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने पर तारकिशोर प्रसाद ने कहा,'विधायक दल के नेता के रूप में मुझे एक बड़ा दायित्व मिला है। इसका निर्वाहन हम बेहतर ढंग से करेंगे। मेरा जो संसदीय अनुभव रहा है उसका लाभ मिलेगा|
भाजपा विधायक दल की उपनेता चुने जाने पर रेणु देवी ने कहा,'मैं सभी लोगों को, कार्यकर्ताओं को, पार्टी को बधाई देती हूं। भाजपा की सेवा भाव की संस्कृति है। हम सेवा भाव से ही काम करते हैं। हम सभी कार्यकर्ता हैं और हमें जो ज़िम्मेदारी मिलती है उसको हम बखूबी निभाते हैं|
सुशील मोदी ने तारकिशोर को भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने पर और रेणु देवी को भाजपा विधायक दल की उपनेता चुने जाने पर बधाई दी हैं| सुशील मोदी ने ट्वीट किया,''तारकिशोरजी को भाजपा विधानमंडल का नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर कोटिशः बधाई| उन्होंने आगे कहा,'''नोनिया समाज से आने वाली बेतिया से चौथी बार विधायक श्रीमति रेणु देवी के भाजपा विधान मण्डल दल के उप नेता सर्वसम्मति से चुने जाने पर हार्दिक बधाई!
सुशील मोदी ने कहा,''भाजपा एवं संघ परिवार ने मुझे ४० वर्षों के राजनीतिक जीवन में इतना दिया की शायद किसी दूसरे को नहीं मिला होगा।आगे भी जो ज़िम्मेवारी मिलेगी उसका निर्वहन करूँगा।कार्यकर्ता का पद तो कोई छीन नहीं सकता।