पटना: बिहार में कोरोना जांच में घोटाले के मामले पर राजद नेता तेज प्रताप यादव ने कहा,''जब से डबल इंजन की सरकार आई है, घोटाले पर घोटाला हो रहा है परन्तु सरकार द्वारा साक्ष्य को दबाने का काम किया जा रहा है। लेकिन जनता सब देख रही है कि किस तरह जनता के पैसे के दुरूपयोग किया जा रहा है|
इससे पहले तेज प्रताप यादव ने कहा था '', 'क' से किसान क्रेडिट कार्ड घोटाला
'ख' से खाद सब्सिडी घोटाला
'ग' से ग्रामीण बैंक घोटाला
'घ' से घोटालों के सरदार ने 15 वर्ष के अपने शासनकाल में जितना घोटाला किया है उतना तो हिंदी वर्णमाला में वर्णों की संख्या भी नहीं है।
राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी गुरुवार 11 फरवरी, 2021 को कोरोना टेस्टिंग को लेकर नीतीश कुमार सरकार पर निशाना साधा था| उन्होंने नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि बिहार में फर्जी कोरोना टेस्ट दिखाकर नेता और अधिकारियों ने अरबों रुपये का घोटाला किया है|
राज्य विधानसभा में तेजस्वी यादव ने कहा था कि,''मैंने पहले ही बिहार में कोरोना घोटाले की भविष्यवाणी की थी। जब हमने घोटाले का डेटा सार्वजनिक किया था तो CM ने हमेशा की तरह नकार दिया। इन्होंने अधिकारी बदल Anti-gen का वो “अमृत” मंथन किया कि 7 दिनों में प्रतिदिन टेस्ट का आंकड़ा 10 हज़ार से 1 लाख और 25 दिनों में 2 लाख पार करा दिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि,'बिहार की आत्माविहीन भ्रष्ट नीतीश सरकार के बस में होता तो कोरोना काल में गरीबों की लाशें बेच बेचकर भी कमाई कर लेती। इंडियन एक्सप्रेस की जाँच में यह साफ हो गया है कि सरकारी दावों के उलट कोरोना टेस्ट हुए ही नहीं और मनगढ़ंत टेस्टिंग दिखा अरबों का हेर-फेर कर दिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि,''हमारे द्वारा जमीनी सच्चाई से अवगत कराने के बावजूद CM और स्वास्थ्य मंत्री बड़े अहंकार से दावे करते थे कि बिहार में सही टेस्ट हो रहे हैं। टेस्टिंग के झूठे दावों के पीछे का असली खेल अब सामने आया है कि फर्जी टेस्ट दिखाकर नेताओं और अधिकारियों ने अरबों रुपयों का भारी बंदरबांट किया है!
उन्होंने कहा कि,''अहंकारी सरकार और उसके मुखिया ना जनता की सुनते है, ना जनप्रतिनिधियों की और ना विपक्ष की। क,ख,ग,घ के विश्वविख्यात ज्ञाता श्री नीतीश कुमार जी को मैंने विगत अगस्त माह में सदन में सबूत सहित आँकड़े दिए थे लेकिन वो सुनेंगे क्यों? सुनेंगे तो उनका भ्रष्टाचार रुक जाएगा और नुकसान होगा।