प्रयागराज: उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और हॉस्टलों में जाकर तोड़-फोड़ के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विपक्ष ने छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई को बर्बर करार दिया है। उधर,मामल बढ़ता देख प्रयागराज पुलिस ने 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी है। प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया,''छह पुलिसकर्मियों - एक निरीक्षक, दो उप निरीक्षक और तीन कांस्टेबल को अनावश्यक रूप से बल प्रयोग करने के लिए निलंबित कर दिया गया है।
प्रयागराज के SSP अजय कुमार ने बताया,''25 जनवरी को प्रयाग रेलवे स्टेशन पर लगभग 1000 उपद्रवी तत्वों के जमा होने, रेलवे ट्रैक जाम, रेलवे इंजन में आग लगाने की सूचना मिली। छात्रों को समझाकर वापस भेजा जा रहा था लेकिन छात्रों के बीच छुपे कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस पर पथराव किया और लॉज में छिप गए| उनको चिन्हित करने के लिए पुलिस टीम वहां पर गई और कई लोगों को पकड़ कर लाई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक(SSP) अजय कुमार ने बताया,'' एक वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी अनावश्यक बल प्रयोग करते दिख रहे हैं, उनको चिन्हित कर 3 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है और कठोरतम विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है|
सस्पेंड होने वालों में इंस्पेक्टर राकेश भारती (प्रभारी मीडिया सेल), SI शैलेन्द्र यादव (सहायक प्रभारी मीडिया सेल), SI कपिल कुमार चहल (चौकी प्रभारी ऐनी बेसेंट, थाना कर्नल गंज), आरक्षी मोहम्मद आरिफ़ (थाना शिव कुटी), आरक्षी अच्छे लाल और दुर्वेश कुमार (थाना शिव कुटी) शामिल हैं।
प्रयागराज पुलिस ने बताया,'प्रयागराज के उन इलाकों में, जहाँ हज़ारों की संख्या में छात्र रहते हैं, वहाँ जाकर SSP प्रयागराज अजय कुमार के द्वारा सभी छात्रों को ब्रीफ़ किया गया। सभी मामलों में निष्पक्ष कार्यवाही का भरोसा दिया गया। यह भी कहा गया कि छात्र शरारती और खुराफ़ाती तत्वों के बहकावे में क़तई ना आएँ। शरारती तत्वों पर पुलिस कठोर कार्यवाही कर रही है। छात्र कभी भी क़ानून को अपने हाथ में ना लें। पुलिस उनकी मदद और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस के जिन कर्मियों ने गलती की थी, जिन्होंने अनावश्यक बल का प्रयोग किया था उन्हें निलम्बित कर उनके ख़िलाफ़ कठोरतम विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जा रही है
उधर, वाराणसी में BHU के छात्रों ने भी पटना और प्रयागराज इलाहाबाद में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध किया।दूसरी ओर, इस मुद्दे को विपक्षी पार्टियों ने अपने हाथों में ले लिया है। कांग्रेस की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई को बर्बर करार दिया है।