पूर्णिया:बिहार के पूर्णिया में रविवार सुबह राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व प्रदेश सचिव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार सुबह आरजेडी के एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव रहे शक्ति मल्लिक की हत्या अपराधियों ने घर में घुसकर कर दी थी| शक्ति मल्लिक की हत्या मामले में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, सहित 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज़ की गई है|
पूर्णिया ज़िले में RJD के पूर्व प्रदेश सचिव शक्ति मलिक की हत्या पर पूर्णिया के एसपी विशाल शर्मा ने बताया,''उसके आय का सोर्स और बैंक खाते का विश्लेषण किया जा रहा है। उनके मोबइल की जांच करने पर और रिश्तेदारों से पूछताछ करने पर पता चलता है कि उन्हें 11.9.2020 को RJD से निष्कासित कर दिया गया था|
पूर्णिया के एसपी विशाल शर्मा ने बताया,''मृतक की पत्नी के बयान पर तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, अनिल साधु, कालो पासवान, सुनीता देवी और मनोज पासवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज़ की गई है|एसपी ने कहा, जिसके खिलाफ साक्ष्य मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शक्ति मल्लिक की पत्नी ने आरोप लगाया कि राजद से निष्कासित होने के बाद उनके पति निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, जिस कारण उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह तीन बाइक सवार लोग शक्ति मल्लिक के घर में दाखिल हुए और सोते हुए ही उनके सिर में गोली मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके से एक देशी पिस्टल और एक कारतूस का खोल बरामद हुआ है।
वहीं, इस मामले में राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि 'तेजस्वी और तेजप्रताप के खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार और झूठे थे। एफआईआर राजनीति से प्रेरित है।' पूर्णिया में राजद के वरिष्ठ नेता कमल किशोर यादव ने कहा कि 'पुलिस मामले की जांच करेगी और सच्चाई सामने आएगी। राजद के नेता राजनीति में ऐसा गंदा खेल कभी नहीं खेलते हैं।'