रायचूर (कर्नाटक): कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा' के अंतिम दिन शनिवार को (22 अक्टूबर, 2022 को) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि उनके परिवार का राज्य से पुराना नाता है| उन्होंने याद किया कि कैसे उनकी दादी और मां ने यहां से महत्वपूर्ण चुनाव जीते हैं| राहुल गांधी ने रेखांकित किया कि आज राज्य में यात्रा का अंतिम दिन है, उन्होंने लोगों के सहयोग और प्रेम के लिए उन्हें धन्यवाद दिया|
कर्नाटक के रायचूर स्थित बसवेश्वर सर्कल ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने आज शाम शनिवार को कहा, ‘कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता, हमारे सब प्यारे कार्यकर्ता, भाईयों और बहनों, प्रेस के हमारे मित्रों, आप सबका यहाँ बहुत-बहुत स्वागत है, नमस्कार।
यह भी पढ़ें: Bharat Jodo Yatra Day 45: रायचूर में पूर्व सैनिकों ने राहुल गांधी के साथ की पदयात्रा
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले हमने 'भारत जोड़ो यात्रा' कन्याकुमारी से शुरु की और ये यात्रा कश्मीर में जाकर खत्म होगी। कर्नाटक में आज यात्रा का आखिरी दिन है और कर्नाटक में हम 500 किलोमीटर से ज्यादा चले हैं। इसमें आप सबने अपनी शक्ति, अपना प्यार, इस यात्रा को दिया, इसके लिए मैं आप सबको दिल से धन्यवाद करना चाहता हूँ। धूप में, आँधी में, तूफान में, बारिश में ये यात्रा नहीं रुकी और इस यात्रा को कोई शक्ति नहीं रोक सकती। ये जम्मू-कश्मीर में जाकर खत्म होगी।
बीजेपी /आरएसएस ने हमारे देश में नफ़रत और हिंसा फैलाने का काम किया
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ बीजेपी और आरएसएस ने हमारे देश में नफ़रत और हिंसा फैलाने का काम किया है। भाई को भाई से लड़ाने का काम किया है। हिंदुस्तान को बांटने का काम किया है और इसीलिए हमने ये भारत जोड़ो यात्रा शुरु की है। कर्नाटक में, जो महान पुरुष रहे हैं, जिन्होंने कर्नाटक और हिंदुस्तान को रास्ता दिखाया, बासवन्ना जी, आम्बेडकर जी, वाल्मीकि जी, जिन्होंने हिंदुस्तान को रास्ता दिखाया। भाईचारे की बात की, नफ़रत मिटाने की बात की। ये जो यात्रा है, ये उनकी विचारधारा की यात्रा है। यात्रा में आपको नफ़रत, हिंसा नहीं दिखाई दे सकती। भीड़ में धक्का लगता है, कोई गिरता है, पूरी की पूरी भीड़ उस व्यक्ति को उठाती है, मदद करती है। यही बासवन्ना जी ने सिखाया था और यही हम यात्रा में करके दिखा रहे हैं।
ये यात्रा हिंदुस्तान की आवाज को उठाने की यात्रा है
सांसद राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यात्रा में सुबह शुरुआत होती है। 6 बजे यात्रा शुरु होती है और शाम को खत्म होती है। सड़क पर हम लाखों लोगों से मिलते हैं। किसानों से, मजदूरों से, युवाओं से, स्टूडेंट्स के साथ हम बातचीत करते हैं। दिन भर जो उनके दिल में है, वो हम सुनते हैं। अपना ज्ञान, अपनी समझ उनको नहीं देते। 7-8 घंटे चलने के बाद, हम 15 मिनट भाषण करते हैं। 6-7 घंटे मजदूरों, छोटे व्यापारियों की आवाज सुनते हैं और 15 मिनट बात करते हैं। ये यात्रा हिंदुस्तान की आवाज को उठाने की यात्रा है।
किसानों की मदद नहीं करती मोदी सरकार
श्री गांधी ने कहा, ‘किसान हमें कहते हैं कि हिंदुस्तान में आज की सरकार उनकी रक्षा, उनकी मदद नहीं करती है। खेती से पैसा नहीं बनता, ऊपर से पहली बार आजादी के बाद किसान को जीएसटी देनी पड़ रही है। 5 प्रतिशत टैक्स फर्टिलाइजर पर, 12 प्रतिशत टैक्स ट्रैक्टर पर, 18 प्रतिशत टैक्स पेस्टीसाइड्स पर लगा दिया गया है, आज डीजल 90 रुपए प्रति लीटर पर चल रहा है और जो एमएसपी किसान को मिलनी चाहिए, वो सरकार देती नहीं है।
हर चीज में कर्नाटक की बीजेपी सरकार 40 प्रतिशत कमीशन लेती है
उन्होंने कहा कि,''20-22 दिन चलने के बाद इन सड़को पर मुझे कर्नाटक में एक भी खुश किसान नहीं मिला, एक भी नहीं मिला। मैंने पूछा, एक ने भी नहीं कहा कि मैं खुश हूँ। युवाओं से बात करो तो कहते हैं- आज के हिंदुस्तान में युवा को रोजगार नहीं मिल सकता। डिग्री लिए घूमते हैं, मगर कर्नाटक में और हिंदुस्तान में रोजगार नहीं मिल सकता। मगर, अगर आपको सब इंस्पेक्टर बनना है और आपकी जेब में 80 लाख रुपए हैं, तो आप आसानी से सब इंस्पेक्टर बन सकते हो। जितनी पढ़ाई करनी है कर लो, जो डिग्री लेनी है, ले लो, आपको रोजगार नहीं मिल सकता, अगर 80 लाख रुपए जेब में हैं, तो मिल जाएगा। कर्नाटक में, हर चीज में कर्नाटक की सरकार 40 प्रतिशत कमीशन लेती है। कुछ भी करवाना हो, अगर 40 प्रतिशत देने के लिए तैयार हो, करवा लो।
कर्नाटक में बस स्कैम ही स्कैम चल रहा है
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘‘430 करोड़ रुपए का बोरवेल स्कैम, जहाँ एससी/एसटी किसानों से इन्होंने चोरी की। बोवी कॉर्पोरेशन स्कैम, 150 करोड़ रुपए चोरी कर लिया। आम्बेडकर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन स्कैम, वाल्मीकि डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन स्कैम, बाबू जगजीवन राम डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन स्कैम। कर्नाटक में बस स्कैम ही स्कैम चल रहा है।
एक तरफ भ्रष्टाचार- बेरोजगारी, दूसरी तरफ महंगाई
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘एक तरफ भ्रष्टाचार- बेरोजगारी, दूसरी तरफ महंगाई। पहले मोदी जी शिकायत करते थे, जब गैस सिलेंडर 400 रुपए का आता था। आज हजार रुपए का हो गया, तो एक शब्द नहीं बोलते। कहा था, दो करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार मिलेगा। नोटबंदी की, गलत जीएसटी लागू की और करोड़ों युवाओं से रोजगार छीन लिया।
मोदी जी के खास ''मित्र''दुनिया के दूसरे अमीर....
उन्होंने कहा कि,''दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट निकालो, दूसरे नंबर पर एक हिंदुस्तानी व्यक्ति का नाम मिलेगा। प्रधानमंत्री जी के खास मित्र हैं। एक तरफ दुनिया में से सबसे अमीर लोग, दूसरी तरफ बेरोजगारी, महंगाई। ये है भारत जोड़ो यात्रा के मुद्दे और इसीलिए, इस यात्रा में आपकी पूरी की पूरी शक्ति आ रही है।
हजारों युवाओं को 371 (जे) का फायदा मिला
सांसद ने कहा, ‘‘थोड़ा सा मैं आपके बारे में बोलना चाहता हूँ। सबसे पहले मैं आपको बधाई देना चाहता हूँ कि खरगे जी कांग्रेस पार्टी के प्रेसिडेंट बने। कांग्रेस पार्टी ने और उन्होंने मिलकर आपको 371 (जे) दिया। हजारों युवाओं को 371 (जे) का फायदा मिला। 40 हजार सरकारी रोजगार मिले। लाखों युवाओं को मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन मिला। 10 हजार करोड़ रुपए आपके इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कों को बनाने में लगे।
श्री गांधी ने कहा,मैं आपको याद दिलाना चाहता हूँ, जब ये 371 (जे) की मांग पहले उठी थी, वाजपेयी जी ने, आडवाणी जी ने साफ कह दिया था, हम नहीं कर सकते, नहीं करेंगे और जैसे ही हमारी सरकार आई, हमने ये काम करके दिखा दिया। दुख की बात है कि आज भी बीजेपी की सरकार इसको ठीक तरीक से इम्प्लीमेंट नहीं कर रही है। 60 हजार रोजगार आपको मिलने चाहिए, नहीं मिले, खाली पड़े हैं, जैसे ही हमारी सरकार आएगी, हम ये काम करके दिखा देंगे।
मेरे परिवार का कर्नाटक से बहुत पुराना रिश्ता
अंत में मैं आप सबको दिल से धन्यवाद करना चाहता हूँ। आपने यात्रा को इतनी मदद दी, इतना प्यार दिया, इतनी शक्ति दी, इसके लिए आप सबको दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद और मेरे परिवार का कर्नाटक से बहुत पुराना रिश्ता है। इंदिरा गांधी जी को आपने चिकमगलूर से जिताया था, ये मैं कभी भूल नहीं सकता हूँ और सोनिया गांधी जी को आपने बल्लारी में जिताया, ये भी मैं कभी नहीं भूल सकता हूँ। आप सबको दिवाली की बहुत-बहुत शुभकामनाएं और एक बार फिर बहुत-बहुत धन्यवाद। नमस्कार। जय हिंद।
सरकारों को कहा या तो कार्रवाई कीजिए, नहीं तो अवमानना के लिए तैयार रहें: Hate Speech को लेकर SC सख्त