रीवा: मध्यप्रदेश के रीवा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शुक्रवार रात भीषण हादसा हो गया। रीवा के पास हैदराबाद से लखनऊ जा रही बस और ट्रेलर ट्रक की टक्कर हो गई, हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है| जबकी 40 से अधिक घायल हुए हैं। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है| मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। मृतक उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर हैं। वे दीपावली मनाने घर लौट रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री और सीएम योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की मुआवजे देने की घोषणा की| एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजनों के लिए 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की|
रीवा में सुहागी हिल्स के पास बस और ट्रेलर की टक्कर में 14 की मौत और 40 घायल हुए हैं। 40 घायलों में से 20 को प्रयागराज (UP) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। बस हैदराबाद से गोरखपुर जा रही थी। हादसा इतना भीषण था कि बाद कुछ लोग बस के अगले हिस्से में फंस गए। इनके शवों को जेसीबी से काटकर बाहर निकाला गया। बस में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इसमें 55 से 60 लोग सवार थे।
प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि आगे चल रहे ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही बस सीधे ट्रॉले में जा घुसी। हालांकि, सही हादसे की वजह का पता नहीं चला है। हादसे के बाद ट्रेलर के ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए हैं।'
फिलहाल ,अभी तक 4 मृतकों (UP के बलरामपुर के उतसैला निवासी राजू अंसारी पुत्र मोहम्मद सफी , बलरामपुर के गांधीनगर निवासी बस ड्राइवर मोहम्मद करीम उर्फ लल्लू पुत्र मोहम्मद वसीम, बलरामपुर निवासी करन अली और जनपद महाराजगंज निवासी सुनील कुमार पुत्र सतीश कुमार) के शवों की पहचान हो सकी है| जिन शवों की शिनाख्त नहीं हो सकी है, उनकी अंगुलियों का स्कैन करके आधार कार्ड के माध्यम से पहचान करने की कोशिश की जाएगी।
रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प ने बताया कि ऐसा लगता है कि इस ट्रक का सामने वाले ट्रक से एक्सीडेंट हुआ था और जब चालक ने ब्रेक लगाया तो पीछे से आ रही बस ट्रक से टक्कराई। पुलिस-प्रशासन और स्थानीय लोग यहां हैं। बचाव कार्य किया गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है|
रीवा के पुलिस अक्षीक्षक नवनीत भसीन ने बताया कि,'' इस घटना में 15 लोगों की मृत्यु हुई हैं। बाकी घायलों की स्थिति ठीक है और उनका इलाज जारी है। मामले में जांच जारी है|
यात्रियों के पार्थिव शरीर को प्रयागराज लाएगी MP सरकार: शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रीवा बस-ट्रॉली ट्रक की टक्कर पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने आज सुबह उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और उन्हें घटना से अवगत कराया। यात्रियों के पार्थिव शरीर को मध्य प्रदेश सरकार प्रयागराज (UP) लाएगी| घायल यात्रियों को उपचार कराकर रात में 2 बसों में प्रयागराज भेजा गया है। म.प्र. के रीवा मेडिकल कॉलेज में गंभीर रूप से घायल यात्रियों का नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। रीवा जिला प्रशासन सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहा है|
बहुत दुखद घटना है: शिवराज सिंह चौहान
रीवा में हए हादसे पर मध्य प्रदेश CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा,''रीवा में कल रात लगभग 11 बजे दुर्घटना घटी.. ये बहुत दुखद घटना है। सूचना मिलने पर मध्य प्रदेश के जिला प्रशासन, SP के साथ पूरा अमला राहत और बचाव कार्य में जुट गया।घायलों का निशुल्क इलाज संजय गांधी मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है| मृतकों के परिजनों को मध्य प्रदेश सरकार की तरफ से 1 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी और घायलों को 10,000 रुपए दिए जांएगे|
कमलनाथ ने हादसे पर जताया दुख
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया,''मध्यप्रदेश के रीवा में हैदराबाद से गोरखपुर जा रही एक यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुखद समाचार मिला है। इस भीषण दुर्घटना में कई लोगों की मौत व कई लोगों के घायल होने की दुखद जानकारी मिली है। सरकार सभी घायलों का समुचित इलाज करवाकर व सभी मृतकों की देह को उनके घरों तक पहुँचाने की समुचित व्यवस्था करे, इन परिवारों की हर संभव मदद करे।
कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए: विश्वास सारंग
रीवा दुर्घटना पर मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा,'सूचना मिली कि रीवा में हैदराबाद से गोरखपुर जा रही बस का एक्सीडेंट हुआ है। प्रशासन को बचाव अभियान करने का और जरूरत के हिसाब से सभी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं|
रीवा में हए हादसे पर योगी ने शिवराज से की बातचीत
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एमपी के रीवा में हुए दुर्घटना को लेकर शोक व्यक्त किया उन्होंने कहा, "मप्र के सीएम के साथ घायलों के इलाज और मृतक यूपी निवासियों के शवों को राज्य में ले जाने के लिए बातचीत हुई। मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।"
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मध्य प्रदेश के जनपद रीवा में सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के नागरिकों की हुई मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री जी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से वार्ता कर घायलों का समुचित उपचार कराने और मृतकों के पार्थिव शरीरों को उत्तर प्रदेश तक पहुंचाने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹02 लाख एवं गंभीर रूप से घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री ने रीवा में हुई भीषण सड़क दुर्घटना पर दुःख व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के रीवा में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हरसंभव मदद प्रदान कर रहा है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया;
“मध्य प्रदेश के रीवा में नेशनल हाइवे पर हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन्होंने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। इसके साथ ही सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है”
“प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश में हुए दुखद बस दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ की ओर से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जायेंगे।”