शिमला: हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत दर्ज़ की है| बीजेपी ने 25 सीटों पर जीत हासिल की है| 3 सीटों पर निर्दलीय कैडेटों ने जीत हासिल की| कांग्रेस ने आज शाम को कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक बुलाई है| विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस AICC सह-प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली ने कहा,'मैं बैठक में हिस्सा लूंगा। विधायकों की बात सुनी जाएगी और सर्वसम्मति से एक फैसला लिया जाएगा। मैं अभी मुख्यमंत्री के नाम पर कुछ नहीं कह सकता|
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा,'जब सभी विधायक यहां पहुंच जाएंगे तब हम बैठक करेंगे, जिसमें प्रस्ताव पारित किया जाएगा। वोटिंग तब कराई जाती अगर कोई विवाद होता, यहां कोई विवाद नहीं है|
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के चयन पर कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा,'विधायक निर्णय लेंगे। जो भी निर्णय लिया जाएगा उनके हित में लिया जाएगा|
विधायक दल की बैठक से पहले हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के राज्य प्रभारी राजीव शुक्ला और पर्यवेक्षक भूपेंद्र हुड्डा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चीफ प्रतिभा सिंह और अन्य नेताओं के साथ शिमला के ओबेरॉय सेसिल होटल में बैठक की।
यहां किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं: प्रतिभा वीरभद्र सिंह
ओबेरॉय सेसिल होटल में बैठक के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने कहा,'',शाम को बैठक बुलाई गई है और उसमें मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा होगी। यहां गुटबाजी नहीं है। यहां किसी भी तरह की गुटबाजी नहीं है और हर कोई हमारे साथ है|
कांग्रेस सांसद प्रतिभा वीरभद्र सिंह ने कहा,'यह बड़ी जिम्मेदारी सोनिया गांधी ने दी थी और उन्होंने मुझसे कहा था कि वह मुझे राज्य प्रमुख के रूप में चुन रही हैं और मुझे सभी 68 निर्वाचन क्षेत्रों में जाना होगा और राज्य को जिताना होगा। मैंने वह ईमानदारी से किया और परिणाम हमारे सामने है|
विधायक दल की बैठक के बाद जो हाईकमान तय करेगा वही मुख्यमंत्री बनेगा: भूपेश बघेल
बैठक से पहले शिमला में छत्तीसगढ़ CM भूपेश बघेल ने कहा,''शिमला की जनता की जीत हुई, कांग्रेस की जीत हुई और यहां के कार्यकर्ता तथा नेता की जीत हुई है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी का आर्शीवाद तो था ही इसके साथ प्रियंका जी का सबसे अहम रोल था। खड़गे जी के अध्यक्ष के रूप में ये पहली जीत है| विधायक दल की बैठक होगी उसके बाद जो हाईकमान तय करेगा वही मुख्यमंत्री बनेगा|
विधायक फैसला करेंगे: CM चेहरे पर विक्रमादित्य सिंह
CM चेहरे पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा,'कई नामों पर चर्चा हो रही है। हमें इसे नवनिर्वाचित विधायकों के निर्णय पर छोड़ देना चाहिए। यह उनका विशेषाधिकार है। लोगों ने अपना फैसला लिया। अब यह विधायकों को तय करना है कि वे अपने नेता के रूप में किसे चाहते हैं|